Homemade Flower Garland: घर की सजावट के लिए अगर आप कुछ नया और हटके करना चाहते हैं, तो ये आइडिया आपको जरूर पसंद आएगा. आजकल मार्केट में फूलों और सजावटी मालाओं के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन अगर हम कहें कि आप वही चीज़ें घर बैठे, बिना एक रुपया खर्च किए बना सकते हैं, तो यकीन मानिए ये बिल्कुल मुमकिन है. जी हां, इस ट्रिक में आपको किसी महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस चाहिए वो सब्जी वाले पॉलीथीन बैग, जिन्हें हम रोज यूज के बाद फेंक देते हैं. इन्हीं बेकार लगने वाले पॉलीथीन से आप बेहद सुंदर फूल और माला बना सकते हैं, जो घर की दीवारों, मंदिर या फेस्टिव डेकोरेशन के लिए एकदम परफेक्ट दिखते हैं. इस तरीके में न तो किसी खास टूल की जरूरत है, न ही ज्यादा समय की. बच्चों से लेकर बड़ों तक, कोई भी इसे बड़ी आसानी से बना सकता है. साथ ही, इससे पर्यावरण की मदद भी होती है क्योंकि हम कचरे में जाने वाली पॉलीथीन को रीयूज़ कर रहे हैं, तो चलिए जानते हैं कि आखिर कैसे सिर्फ 5 मिनट में बन सकते हैं ये प्यारे-प्यारे फूल.
-सबसे पहले आपको चाहिए कुछ पॉलीथीन जो घर में सब्जी, दूध या किराने के साथ आती हैं. इन्हें फेंकने के बजाय साफ करके रख लें. अब एक पॉलीथीन को सीधा कर लें और फिर उसे 3 से 4 बार फोल्ड करें, इस बात पर ध्यान रखते हुए कि आपका फूल छोटा चाहिए या बड़ा, अगर पॉलीथीन बड़ी है, तो चार बार फोल्ड करें, और अगर छोटी है, तो तीन बार काफी है.
-इसके बाद पॉलीथीन के दोनों बंद हिस्सों को कैंची से काट दें ताकि यह पूरी तरह खुल जाए. अब एक गोल ढक्कन लें और पेन की मदद से गोल सर्कल बना लें. इस सर्कल को काटते समय ध्यान रखें कि इसकी परतें अपनी जगह से हिलें नहीं, इसके लिए आप सेफ्टी पिन या क्लिप का इस्तेमाल कर सकते हैं.
-जब गोल शेप तैयार हो जाए, तो इन कटे हुए गोल टुकड़ों को बीच से स्टेपल कर लें, अगर आप चाहते हैं कि फूल घना दिखे, तो दो या तीन रंगों की पॉलीथीन एक साथ फोल्ड करके काटें. इससे मल्टीकलर फूल बनेंगे जो दिखने में बेहद खूबसूरत लगते हैं.
-अब इन स्टेपल की गई परतों को हल्के हाथों से पतली-पतली कटिंग में काटें, बिल्कुल वैसे जैसे हम पेपर फ्लावर बनाते हैं. जब सारी कटिंग हो जाए, तो इसे दोनों हाथों से हल्के से रगड़ें ताकि सारी परतें खुल जाएं और फुल फूले-फूले दिखने लगें. बस आपका पॉलीथीन फूल तैयार है!
-माला और हैंगिंग डेकोरेशन बनाना
अब बारी है इन फूलों को माला का रूप देने की. इसके लिए किसी पुराने खिलौने की रिंग, धागे या मोटे स्ट्रॉ का इस्तेमाल किया जा सकता है. स्ट्रॉ को हरे रंग का लेना अच्छा रहता है ताकि वो तनों जैसा दिखे, लेकिन अगर आपके पास किसी और रंग का है, तो वो भी चल जाएगा.
-फूलों के बीच थोड़ा गैप रखने के लिए आप स्ट्रॉ के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर फूलों के बीच लगाएं. इससे माला भारी नहीं लगेगी और दिखने में एकदम मार्केट जैसी बनेगी.
-अगर आप इसे और खूबसूरत बनाना चाहते हैं, तो नीचे की ओर एक हैंगिंग लटकन लगा सकते हैं. इसके लिए पुरानी चूड़ी, रंगीन लेस या फैब्रिक यूज़ करें. चूड़ी को कपड़े से कवर करके उसके बीच में छोटी सी लेस या माला लगा दीजिए. चाहें तो इसमें ऊन के छोटे फूल या मोती भी जोड़ सकते हैं.
-इस तरह तैयार हुई माला या हैंगिंग आप अपने घर के मंदिर, बालकनी, या लिविंग रूम की दीवार पर टांग सकते हैं. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि ये बहुत सस्ती, लंबे समय तक टिकने वाली, और पूरी तरह रीसायकल की गई चीजों से बनी होती है.
-क्रिएटिविटी के साथ पर्यावरण की सेवा
ये तरीका न सिर्फ पैसे की बचत करता है, बल्कि आपको पर्यावरण के प्रति थोड़ा और जागरूक भी बनाता है. जो पॉलीथीन आमतौर पर कचरे में जाती है और प्रदूषण बढ़ाती है, वही चीज़ अब घर की शोभा बढ़ा रही है.
-इससे बच्चों को भी सिखाया जा सकता है कि कचरा फेंकने से पहले सोचें, क्योंकि हर चीज़ किसी नए रूप में काम आ सकती है.
-तो अगली बार जब सब्जी या दूध की पॉलीथीन आपके घर आए, तो उसे फेंकने की जगह अलग रख दीजिए. कुछ समय और थोड़ी क्रिएटिविटी लगाकर आप अपने घर को सजा सकते हैं बिना जेब पर बोझ डाले.
.