शासकीय होल्कर साइंस कॉलेज में दो छात्रों ने सीसीई (कंटिन्यूअस कंप्रेहेंसिव इवेल्यूएशन) टेस्ट रुकवाने के लिए महिला प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन के निधन की झूठी खबर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मंगलवार रात करीब सवा दस बजे यह मैसेज वायरल किया गया।
.
करीब साढ़े दस बजे एक अन्य छात्र ने प्राचार्य के मोबाइल पर मैसेज कर पूछा, “मैम आप कैसी हैं? आपके निधन का मैसेज वायरल हो रहा है?” प्राचार्य ने लिखा कि “मैं ठीक हूँ, यह कैसे हो सकता है?” इसके बाद उन्हें फोन पर फोन आने लगे। कई प्रोफेसर उनके घर पहुँच गए।
दरअसल, फर्जी लेटरहेड पर यह संदेश वायरल किया गया। इसमें लिखा गया था कि प्राचार्य डॉ. जैन के असामयिक निधन के कारण परीक्षाएं स्थगित की जा रही हैं। इस पर प्राचार्य ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज करवाई। टीआई राजकुमार यादव के अनुसार, जाँच में बीसीए के दो छात्रों मयंक कछावा और हिमांशु जायसवाल की भूमिका सामने आई है। दोनों पर 336(4 बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मोबाइल जब्त, एक ने डेटा डिलीट किया
प्राचार्य ने दोनों छात्रों के मोबाइल जब्त करवाते हुए पुलिस को सौंप दिए। एक छात्र ने पकड़े जाने से पहले व्हाट्सएप का पूरा डेटा डिलीट कर दिया था। इस संबंध में प्राचार्य ने साइबर सेल के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने मोबाइल का डेटा रिकवर करने की बात कही है।
कॉलेज प्रशासन भी करेगा कार्रवाई
कॉलेज प्रशासन ने इसे संस्थान की गरिमा और अनुशासन के विरुद्ध गंभीर अपराध बताया है। प्रबंधन भी दोनों छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है। कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. संजय व्यास के अनुसार, परीक्षा स्थगित कराने के लिए ऐसी साजिश रचना चिंताजनक है। छात्रों पर निलंबन या निष्कासन जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
.