हरदा में 70 से अधिक स्थानों पर होगा होलिका दहन: 300 जवान तैनात, बाजारों में रंग-पिचकारी की रौनक – Harda News


हरदा में सोमवार रात को लगभग 70 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। शहर के बाजारों में रंगों और पिचकारियों की दुकानों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शहर के गोलापुरा, खेड़ीपुरा, प्रताप टॉकीज चौक, बड़ा मंदिर चौक, तिलक भवन चौक, शिक्षक कॉलोनी, गुर्जर बोर्डिंग, फाइल वार्ड और नया बस स्टैंड सहित कई अन्य स्थानों पर होली जलाई जाएगी। मल्हार मंदिर चौक पर इस बार गोबर के कण्डों से होलिका दहन होगा। वहीं, शहर के बड़े मंदिर के पास वर्षों से होली जलाई जा रही है, जहां महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजन करने पहुंचती हैं। ज्योतिषी पंडित मुरलीधर व्यास के अनुसार, होलिका दहन में 10 विशेष चीजें डालने का महत्व है। चंदन की लकड़ी से मानसिक शांति, गाय के कंडे से नवग्रहों की शांति और पान के पत्ते से घर में सुख-शांति मिलती है। पंडित व्यास ने बताया कि गेहूं की बाली डालने से अनाज में वृद्धि होती है, हवन सामग्री से देवताओं की कृपा प्राप्त होती है। नारियल से तनाव मुक्ति, कपूर से वातावरण शुद्धि, हल्दी गांठ से धन वृद्धि और सरसों डालने से शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है। उन्होंने यह भी बताया कि सूखा नारियल डालने से बच्चों के भाग्य की उन्नति होती है और उन्हें विद्या-बुद्धि मिलती है। काली तिल डालने से पारिवारिक वैमनस्य दूर होता है, जबकि लौंग डालने से शत्रुओं का नाश होता है। मुस्लिम समुदाय भी नमाज अदा करेगा
पंडित व्यास ने बताया कि होली के दिन मुस्लिम समुदाय भी रमजान माह के दौरान नमाज अदा करेगा। उन्होंने सभी से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की है, यह कहते हुए कि सभी को अपने त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का अधिकार है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 जवानों को तैनात किया गया है। इनमें पुलिस जवानों के साथ एसएफ, होमगार्ड, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य और ग्राम कोटवार भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्य क्षेत्रों पर ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *