मंदसौर जिले में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को धुंधड़का नगर में एक हिंदू सम्मेलन हुआ, जिसमें सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। वहीं, दलौदा में रविवार को एक और हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
.
धुंधड़का में आयोजित सम्मेलन की शुरुआत सुबह नगर में प्रभात फेरी के साथ हुई। इसमें शामिल लोगों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस दौरान नन्हे बालक-बालिकाओं ने धर्म-संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने अपने उद्बोधन में युवा पीढ़ी को देश की संस्कृति और भारत माता के प्रति त्याग, समर्पण, सेवा और भक्ति के बारे में विस्तार से बताया। धुंधड़का मंडल के बड़वन, लसूड़ावन, भाटरेवास, गुलियाना, बाबरेचा, सिखेड़ी और निपानिया से बड़ी संख्या में युवाओं व मातृशक्ति ने इसमें भाग लिया।
दलौदा में 10 गांवों के हिंदू समाजजन एकत्रित दलौदा में कल होने वाले हिंदू सम्मेलन में दलौदा, दलौदा रेल, एलची, पिपलिया मुझावर, नाइखेड़ी, टोलखेड़ी, बानीखेड़ी, निम्बाखेड़ी, फतेहगढ़ और नई फतेहगढ़ सहित 10 गांवों के हिंदू समाजजन एकत्रित होंगे। इस सम्मेलन में संतों का सान्निध्य और वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। मुख्य आशीर्वचन स्वामी देव स्वरूपानंद महाराज के रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन विभिन्न टोलियां अपने-अपने क्षेत्रों में रामधुन गाते हुए नगर भ्रमण कर रही हैं।
शुक्रवार रात आठ बजे दलौदा नगर के शिवाजी मगरा, शिक्षक कॉलोनी, सांवलिया विहार, पद्मिनी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, सोनी कॉलोनी, कुम्हारवाड़ा, अंबिका नगर, गौतम नगर, गाड़िया लोहार बस्ती और द्वारका विहार की ग्यारह रामधुन टोलियों का संगम बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर पर हुआ। यहां से सभी टोलियां सामूहिक रूप से रामधुन गाते हुए सम्मेलन स्थल मंडी परिसर पहुंचीं और धर्म ध्वज की स्थापना की।
.