High Protein Salad Recipe: आजकल फिटनेस सिर्फ जिम तक सीमित नहीं रही, लोग अपनी थाली को भी उतना ही अहम मानने लगे हैं. खासकर जब बात वज़न घटाने, शरीर को टोन करने और ताकत बढ़ाने की आती है, तो डाइट में प्रोटीन का रोल सबसे बड़ा माना जाता है, लेकिन दिक्कत ये है कि कई लोग प्रोटीन के नाम पर या तो महंगे सप्लीमेंट लेने लगते हैं या फिर एक जैसी उबाऊ डाइट से परेशान हो जाते हैं. ऐसे में घर की आसान चीज़ों से बना प्रोटीन-पैक सलाद न सिर्फ हेल्दी रहता है बल्कि स्वाद में भी मज़ेदार होता है, अगर आप भी डाइट पर हैं, जिम जाते हैं, या बस शरीर को मजबूत और एनर्जी से भरपूर रखना चाहते हैं, तो ये सलाद आपके लिए बढ़िया ऑप्शन बन सकता है.
इसमें चना, अंडा, बादाम और ताज़ी सब्ज़ियों का ऐसा मेल है जो शरीर को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और बार-बार भूख लगने से बचाता है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और न ही कोई खास कुकिंग स्किल चाहिए. सुबह नाश्ते में, दोपहर के हल्के खाने में या शाम के हेल्दी स्नैक के रूप में भी इसे खाया जा सकता है. नियमित रूप से खाने पर ये सलाद शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करता है और वज़न कंट्रोल करने में भी सहायक रहता है.
क्यों खास है ये प्रोटीन सलाद
इस सलाद की खासियत इसका संतुलित पोषण है. चना और अंडा दोनों अच्छे प्रोटीन सोर्स हैं. बादाम हेल्दी फैट देता है, जबकि गाजर, खीरा और टमाटर शरीर को फाइबर और विटामिन देते हैं. यानी एक कटोरे में प्रोटीन, फाइबर, मिनरल और हेल्दी फैट सब मिल जाता है. इसे खाने से पेट देर तक भरा रहता है, जिससे जंक फूड खाने की चाह कम होती है. जो लोग वज़न कम करना चाहते हैं, उनके लिए यह बड़ी मदद साबित हो सकता है. वहीं जो लोग शरीर बनाना चाहते हैं, उन्हें मसल रिकवरी में फायदा मिलता है.
सामग्री (2 लोगों के लिए)
-उबला चना – 1/2 कप
-प्याज – 1 (बारीक कटा)
-टमाटर – 1 (बारीक कटा)
-उबला या पैन में पका अंडा – 1
-खीरा – 1/4 कप (कटा)
-गाजर – 1 (कद्दूकस या कटी)
-बादाम – 4 (कटे)
-काली मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
-नमक – स्वादानुसार
-हरा धनिया – थोड़ा सा
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले अंडे को पैन में हल्का पकाकर छोटे टुकड़ों में काट लें. एक बड़े बाउल में उबला चना और अंडे के टुकड़े डालें. अब इसमें प्याज, टमाटर, खीरा, गाजर और हरा धनिया डालकर मिलाएं.
इसके बाद ऊपर से नमक, काली मिर्च और नींबू का रस डालें. अंत में कटे बादाम डालकर हल्का मिक्स करें. आपका प्रोटीन-पैक सलाद तैयार है.
कब और कैसे खाएं
-सुबह नाश्ते में खाएं तो लंबे समय तक भूख नहीं लगेगी
-वर्कआउट के बाद खाएं तो मसल रिकवरी में मदद मिलेगी
-शाम को स्नैक के रूप में खाएं तो जंक खाने से बचेंगे
रोज खाने से क्या फायदे
इस सलाद को रोज डाइट में शामिल करने पर शरीर को अच्छा प्रोटीन मिलता है. इससे मसल मजबूत होती हैं और कमजोरी कम होती है. फाइबर ज्यादा होने से पाचन बेहतर रहता है और पेट हल्का महसूस होता है. वज़न घटाने वालों के लिए ये खास है क्योंकि इसमें कैलोरी कम और पोषण ज्यादा है. डायटिंग के दौरान भी शरीर को जरूरी ताकत मिलती रहती है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)