Last Updated:
Hibiscus Tea Benefits : गुड़हल की चाय एक प्राकृतिक हर्बल पेय है, जो सेहत के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन C पाचन सुधारने, इम्यूनिटी बढ़ाने और वजन नियंत्रित करने में सहायक होते हैं. यह दिल, त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद है. नियमित सेवन शरीर को ताजगी देता है. गुड़हल से बनी चाय स्वाद में हल्की खट्टी लेकिन शरीर और मन-दोनों को सुकून देती है. इसे हॉट और कोल्ड दोनों तरह से पिया जा सकता है.
आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में लोग फिर से प्राकृतिक और हर्बल चीज़ों की ओर लौट रहे हैं. इन्हीं में से एक है गुड़हल की चाय, जिसे आयुर्वेद और लोक परंपराओं में खास महत्त्व दिया गया है. लाल रंग के खूबसूरत गुड़हल के फूल सिर्फ देखने में ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माने जाते हैं. गुड़हल से बनी चाय स्वाद में हल्की खट्टी और ताजगी देने वाली होती है, जो शरीर और मन-दोनों को सुकून देती है.

गुड़हल की चाय सूखे हुए गुड़हल के फूलों या पंखुड़ियों से बनाई जाती है. इसे हॉट और कोल्ड दोनों तरह से पिया जा सकता है. दुनिया के कई देशों में इसे “हर्बल टी”के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. भारत में भी आयुर्वेदिक घरेलू नुस्खों में गुड़हल का उपयोग लंबे समय से होता आ रहा है, खासकर बालों और पाचन से जुड़ी समस्याओं के लिए.

गुड़हल की चाय में कई प्राकृतिक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए लाभकारी होते हैं. इसमें मुख्य रूप से एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन C, आयरन, कैल्शियम और प्राकृतिक अम्ल (ऑर्गेनिक एसिड) पाये जाते हैं. ये सभी तत्व मिलकर शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं. गुड़हल की चाय को दिल के लिए भी अच्छा माना जाता है. यह शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित करने में मदद कर सकती है. साथ ही, रक्त संचार को बेहतर बनाकर हृदय को स्वस्थ रखने में सहायक होती है. यही कारण है कि कई लोग इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गुड़हल की चाय पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में सहायक मानी जाती है. इसे पीने से पेट हल्का महसूस होता है और कब्ज, गैस जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है. जिन लोगों को अक्सर भारीपन या अपच की शिकायत रहती है, उनके लिए यह चाय एक प्राकृतिक विकल्प हो सकती है. आजकल वजन बढ़ना एक आम समस्या बन चुकी है. गुड़हल की चाय मेटाबॉलिज़्म को बेहतर करने में मदद करती है, जिससे शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को नियंत्रित किया जा सकता है. नियमित रूप से, सीमित मात्रा में इसका सेवन करने से वजन संतुलन बनाए रखने में सहायता मिल सकती है.

विटामिन C से भरपूर होने के कारण गुड़हल की चाय इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करती है. बदलते मौसम में सर्दी-खांसी या हल्के संक्रमण से बचाव के लिए यह चाय लाभकारी मानी जाती है. यह शरीर को अंदर से ऊर्जा और ताकत देती है. त्वचा के लिए प्राकृतिक वरदान है. गुड़हल की चाय त्वचा के लिए भी फायदेमंद है. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को साफ और चमकदार बनाने में मदद करते हैं. नियमित सेवन से त्वचा में निखार आ सकता है और समय से पहले होने वाली झुर्रियों की समस्या को कम किया जा सकता है.

भारत में गुड़हल को बालों के लिए पारंपरिक रूप से इस्तेमाल किया जाता रहा है. गुड़हल की चाय पीने से बालों की जड़ों को पोषण मिल सकता है, जिससे बाल मज़बूत होते हैं. यह बालों का झड़ना कम करने और प्राकृतिक चमक बनाए रखने में सहायक मानी जाती है. इसकी चाय बनाने के लिए जो सामग्री चाहिए, सूखे गुड़हल के फूल – 1 से 2 चम्मच, पानी – 1 कप, शहद या गुड़ (स्वादानुसार) और विधि- पानी को उबालें और उसमें सूखे गुड़हल के फूल डाल दें. 5–7 मिनट तक ढककर रखें. फिर छानकर शहद या गुड़ मिलाकर पिएं.