Sagar News: बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री, अद्वितीय कला साधक और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी से मिलना आसान नहीं. लेकिन सागर के दामोदर अग्निहोत्री के लिए बीती 19 फरवरी का दिन जीवन का सबसे बड़ा और खूबसूरत दिन बन गया. इनकी न सिर्फ हेमा मालिनी से मुलाकात हुई, बल्कि उनसे मिलने के बाद अभिनेत्री भावुक भी हो गईं. हेमा मालिनी ने दामोदर अग्निहोत्री को अपने बंगले पर बुलाकर सम्मानित किया. जानें सागर के दामोदर ने ऐसा क्या किया?
दरअसल, दामोदर अग्निहोत्री द्वारा हेमा मालिनी और अभिनेता धर्मेंद्र से जुड़ी फिल्मों और उनके निजी जीवन पर जो खबरें अखबारों में प्रकाशित की गई थीं, उसकी कटिंग सहेज कर रखी गई थीं. इनके पास 1962 से लेकर 1977 के बीच जो खबरें पत्र-पत्रिकाओं, अखबारों में सचित्र प्रकाशित हुई थी, खासकर जो खबरें हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की लोकप्रियता पर केंद्रित थीं, को सहेजा गया था. पुराने अखबारों की कतरनों में पुरानी यादों और दुर्लभ तस्वीरों को देखकर हेमा मालिनी भावुक हो उठीं.
ऑटोग्राफ में ये लिखा…
हेमा मालिनी ने अपने बचपन, फिल्मी सफर और सम्मान से जुड़ी यादों को साझा करते हुए कहा कि इस प्रकार उनकी स्मृतियों को संजोना उनके प्रति स्नेह का प्रतीक है. उन्होंने दामोदर अग्निहोत्री को बधाई और शुभकामनाएं दीं. ऑटोग्राफ भी दिया, जिसमें उन्होंने लिखा, “आपके द्वारा जो मेरी फिल्मों का कलेक्शन किया गया, वह बहुत अच्छा है. इसके लिए मैं धन्यवाद देता हूं- हेमा मालिनी.”
बंगले पर ऐसे किया सम्मान
हेमा मालिनी ने केवल फोटोग्राफर ऑटोग्राफ के माध्यम से ही धन्यवाद नहीं दिया, बल्कि दूसरे दिन 20 फरवरी को उन्हें फिर से अपने बंगले पर बुलाया. जहां पर दामोदर अग्निहोत्री का हेमा मालिनी ने अपने हाथों से राधा कृष्ण की मूर्ति, मिठाई का डिब्बा, खूबसूरत साड़ी और पारितोषक के रूप में कुछ नकद राशि देकर सम्मानित किया. उनके कार्य की सराहना की.
वृंदावन में लगी थी प्रदर्शनी
दामोदर अग्निहोत्री ने जो संकलन किया था, इसको वह लंबे समय से हेमा मालिनी को दिखाना चाहते थे. कुछ समय पहले इसकी बात हेमा मालिनी तक पहुंची तो उन्होंने वृंदावन (यूपी) में स्थित बंगले पर प्रदर्शनी लगाने की परमिशन दी. दामोदर अग्निहोत्री द्वारा जो संकलन किया गया था, उसको बैनर में लेमिनेशन करके व्यवस्थित तरीके से जमाया गया था. इसमें करीब 70 संकलन थे, जो उन्होंने हेमा मालिनी को दिखाए. करीब 15 मिनट तक उन्होंने इन यादों को देखा और फिर अपने स्टाफ से इनमें से कुछ चुनिंदा दुर्लभ तस्वीरों की फोटो लेने के लिए भी कहा. इसमें ढाई साल की उम्र में अपनी बहन और मां के साथ तस्वीर, वहीं तीसरे बर्थडे पर मां के साथ तस्वीर शामिल रही.
मुंबई भी बुलाएंगी
सत्यम कला एवं संस्कृति संग्रहालय में अपने जीवन की पूंजी लगाकर तैयार करने वाले दामोदर बताते हैं कि उनके पास हेमा मालिनी और धर्मेंद्र जी का बहुत बड़ा कलेक्शन है, जिसके बारे में उन्होंने हेमा मालिनी को बताया. उन्होंने कहा कि जब मुंबई में कोई बड़ा आयोजन होगा, तब उन्हें विशेष तौर पर आमंत्रित करेंगे. उसमें वह अपनी सहेजी गई चीजों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित करें.
35 साल से बुंदेली संस्कृति को जोड़ रहे
सागर के अहमदनगर में रहने वाले दामोदर अग्निहोत्री 69 साल के हैं. उन्होंने आधे से ज्यादा जीवन अपने संग्रहालय को सजाने और बुंदेली संस्कृति को सहजने में लगाया है. इस दौरान उन्होंने देश की बड़ी शख्सियत से जुड़ी यादें भी संभाली हैं. उन्हीं में से एक हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की फिल्मों से जुड़ी 50- 60 साल पुराने अखबारों की कतरने हैं.
.