सर्दी में फट रही है पैरों की एड़ियां? न हो परेशान, बस कर लें ये घरेलू उपाय

Last Updated:

Beauty Tips: फटी हुई एड़ियां एक आम समस्या है, जो किसी भी उम्र में हो सकती है. यह न केवल दर्दनाक हो सकती है, बल्कि आपकी त्वचा की सुंदरता को भी प्रभावित कर सकती है. हालांकि, यह एक सामान्य समस्या है, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर यह गंभीर रूप ले सकती है. इसलिए हम आपको घरेलू उपाय बताने वाले हैं. आइए जानते हैं…

सुल्तानपुर: सर्दी का मौसम चल रहा है. ऐसे में कई लोगों के पैरों की एड़ियां फट जाती हैं. इससे चलने में काफी परेशानी होती है. इसे ठीक करने के लिए कई ट्यूब भी इस्तेमाल कर लेते हैं, तब भी कोई राहत नहीं मिलती है. महंगे प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के बाद भी जब आपकी एड़ियां सही नहीं हो रही हैं तो बस आप हमारे बताए गए घरेलू उपाय कर लें. कुछ घरेलू नुस्खे ऐसे होते हैं, जिनसे एड़ियां एक दम मुलायम हो जाएंगी.

हम बात कर रहे हैं महुआ के बीज के तेल की. इसको पुराने समय के लोग अपने पैर की एड़ियों में लगाते थे और उससे पैर की एड़ियां मुलायम हो जाती थी. महुआ के बीज का तेल किस तरह से बनता है और इसको लगाने से किस तरह से फटी एड़ियां ठीक होती हैं. आइए सब जानते हैं.

इस वजह से फटती है एड़ी 
मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर में कार्यरत आयुर्वेद चिकित्सक डॉक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव ने लोकल18 से बात की. उन्होंने बताया कि सर्दियों में अक्सर पैर की एड़ियां फट जाती हैं. इसके पीछे की वजह है कि लोग साफ सफाई पर ध्यान नहीं दे पाते और बिना चप्पल-जूते के बाहर निकल जाते हैं. इसकी वजह से पैर की एड़ियां फट जाती हैं. इसके अलावा पैर की एड़ी फटने के मुख्य कारणों में शुष्क त्वचा, लंबे समय तक खड़े रहना, गलत जूते, मोटापा और पोषण की कमी भी हैं, जो त्वचा के लचीलेपन को कम करते हैं और दबाव पड़ने पर फट जाते हैं. इसके अलावा सर्दियों में मधुमेह, थायरॉयड, सोरायसिस और एथलीट फुट जैसे रोग भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं.

ये करें यह उपाय 
ग्रामीण भगवत प्रसाद बताते हैं कि सर्दी में अगर एड़ी फट रही हैं तो ऐसे में इसको दूर करने के लिए हमें महुआ के बीज के तेल की पेराई करवा लेनी चाहिए. इसे लगाने से पैर की एड़ियां मुलायम हो जाती हैं. महुआ के बीज का तेल हम लोग कई वर्षों से इस्तेमाल कर रहे हैं. यह वो तेल है जो सर्दी के मौसम में ठोस हो जाता है. पर जब इसे गर्म करते हैं तो ये पिघल जाता है. इसके तेल को मोम में मिलाकर लगाने से फटी हुई एड़ियां ठीक हो जाती हैं. इसके अलावा भी महुआ के बीज को अलग-अलग बीमारियों में भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

पैर की एड़ियां रहती हैं मुलायम 
महुआ के बीज की पेराई करने के बाद उससे बनने वाली मॉम अथवा तेल को रात में एड़ी में लगा लेना चाहिए. इससे फटी हुई एड़ी मुलायम हो जाती है और उसकी दरार भी मिट जाती है. महुआ के बीज में कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट तत्व होते हैं जो त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होते हैं. सर्दियों में पैर की एड़ियां धूल की वजह से फट जाती हैं. ऐसे में महुआ का बीज इस्तेमाल किया जा सकता है.

homelifestyle

सर्दी में फट रही है पैरों की एड़ियां? न हो परेशान, बस कर लें ये घरेलू उपाय

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *