भिंड जिले में मावठ की बारिश ने एक ओर जहां किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी है, वहीं भिंड शहर में तेज बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश से फसलों को लाभ बताया जा रहा है, लेकिन शहरी अव्यवस्थाओं ने गंभीर हादसे को जन्म दे दिया। रात के समय हुई तेज बारिश के चलते सकल हिंदू समाज द्वारा आयोजित होने वाला हिंदू सम्मेलन पानी भर जाने के कारण निरस्त कर दिया गया। यह आयोजन भिंड शहर के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान में प्रस्तावित था। सम्मेलन को लेकर पंडाल सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्यक्रम में संत समाज और विभिन्न वक्ताओं द्वारा हिंदू समाज से जुड़े विषयों पर विचार रखे जाने थे, लेकिन मैदान में पानी भर जाने से आयोजन रोकना पड़ा और तैयारियां स्थगित कर दी गईं। इधर, भिंड शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में बारिश के बाद एक दर्दनाक हादसा सामने आया। लंबे समय से टूटी पड़ी बिजली के केबल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से एक सांड की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर बिजली कंपनी और नगर पालिका की लापरवाही उजागर हुई है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई। कुल मिलाकर, मावठ की बारिश जहां खेतों में हरियाली और उम्मीद लेकर आई है, वहीं शहर में अव्यवस्था और लापरवाही ने आयोजन रुकवाया और एक बेजुबान की जान ले ली .