ऊर्जा मंत्री तोमर और AAP नेता में तीखी नोकझोंक: ग्वालियर में भू-माफिया को संरक्षण के आरोप पर मंत्री बोले- ‘तुम्हारी औकात क्या है?’ – Gwalior News


ग्वालियर में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता रोहित गुप्ता एडवोकेट के बीच गुरुवार को तीखी नोकझोंक हो गई। विवाद मंत्री के रेस कोर्स रोड स्थित बंगले के बाहर भू-माफियाओं को कथित संरक्षण देने के आरोप को लेकर हुआ। इस दौरान मंत्री और AAP नेता के बीच जमकर बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। बताया गया है कि AAP नेता रोहित गुप्ता ने मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नोकझोंक के दौरान मंत्री कथित तौर पर आवेश में आ गए और उन्होंने कहा, “तुम्हारी औकात क्या है, बकवास मत करो, मुझे शिकायत करने क्यों आए हो, मैं कोई कार्रवाई नहीं करवाऊंगा।” कब्जेधारी को संरक्षण के आरोप पर चर्चा के लिए मंत्री से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन बात नहीं हो पाई। समर्थक पर लगाया फ्लैट पर कब्जे का आरोप मामला गांधीनगर क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोप है कि मंत्री के करीबी गुड्डू उर्फ गौरव बाजपेयी ने पानी टंकी के पास स्थित ओबीसी महासभा के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के एक फ्लैट पर अवैध कब्जा कर लिया है। कलेक्टर-आईजी से भी की शिकायत पीड़ित विजय कुमार ने इस संबंध में पुलिस थाना, कलेक्टर, आईजी और डीआईजी सहित कई अधिकारियों को शिकायत दी थी। साथ ही उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भी कई बार आवेदन दिया, लेकिन आरोप है कि अब तक फ्लैट खाली नहीं कराया गया। गुरुवार दोपहर विजय कुमार और AAP नेता रोहित गुप्ता मंत्री को ज्ञापन देने उनके बंगले पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव बाजपेयी मंत्री के नाम पर उन्हें डरा-धमका रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। आप नेताओं ने कहा-विरोध जारी रहेगा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिल रहा है। AAP नेताओं ने कहा है कि जब तक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पीड़ित से माफी नहीं मांगते और विजय कुमार का फ्लैट खाली नहीं करवाते, तब तक उनके खिलाफ विरोध जारी रहेगा। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *