Mp Weather Update: भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज गर्म रहा. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा हैं. कई शहरों में तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, हालांकि अगले कुछ दिनों में हल्के बादल छाने से तापमान में मामूली गिरावट की संभावना जताई गई है. फिलहाल गर्मी का असर लगातार बढ़ता दिख रहा है. पिछले 24 घंटे में नर्मदापुरम जिले में तेज लू का कहर देखने को मिला. इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट किया है. प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.2°C नर्मदापुरम में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी के करौंदी में 11.5°C, इसके अलावा पचमढ़ी में 11.6 डिग्री सेल्सियस, मंदसौर में 12 डिग्री सेल्सियस, शहडोल के कल्याणपुर में 12.9°C और राजगढ़ में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बुरहानपुर में गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड
बुरहानपुर में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मार्च अभी आधा भी नहीं बीता, लेकिन तापमान सीधे 40 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है. शुक्रवार दोपहर 3 बजे तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग गर्मी से बेहाल नजर आए. सुबह 11 बजे के बाद ही धूप चुभने लगती है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे डिहाइड्रेशन और अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.
आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, कई जिलों के हल्की बारिश की संभावना!
मौसम विभाग के मुताबिक एक नया पश्चिम विक्षोभ आज से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है. इसके साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल छाने की संभावना है. लिहाजा अगले तीन दिनों में साउथ-ईस्ट के जिलों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. जिसमें रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, छिंदवाड़ा, मंडला और डिंडोरी जिले शामिल हैं.
इस तरह रहा बड़े शहरों अधिकतम तापमान
भोपाल में 37.8°C
इंदौर में 37.6°C
जबलपुर में 37.5°C
ग्वालियर में 36.1°C
उज्जैन में 37.4°C
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
भोपाल में 17.6°C
इंदौर में 18.4°C
जबलपुर में 18.4°C
ग्वालियर में 17.8°C
उज्जैन में 15.5°C
.