Last Updated:
Health Tips: सर्दियों में शरीर को गर्म और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए राजस्थान की यह देसी सब्जी सुपरफूड साबित हो रही है. इसके पराठे और सब्जी दोनों ही बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक हैं. यह इम्युनिटी बढ़ाने, कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है.
सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में हरी सब्जियों की खुशबू फैल जाती है. खास बात ये है कि कुछ हरी सब्जियां तो केवल 2 से 3 महीने में ही मिलती है. इन्हीं में से एक है हरी मैथी (मेथी साग), यह न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होती है, बल्कि इसके पत्तों में मौजूद पोषक तत्व सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. हरी मैथी में आयरन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, फाइबर और विटामिन A, C, K जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे सर्दियों की सुपर ग्रीन फूड कहा जाता है.

हरी मैथी (मेथी साग) का उपयोग लगभग हर घर में किसी न किसी रूप में किया जाता है चाहे वो पराठा हो, सब्जी हो या दाल में डालकर तड़का लगाना. इसके पत्तों की हल्की कड़वाहट ही इसका असली स्वाद है. जो भूख को बढ़ाने और पाचन सुधारने में मदद करती है. अगर आप मैथी की कड़वाहट कम करना चाहते हैं, तो उसे काटकर थोड़े नमक के साथ 10 मिनट रख दें और फिर निचोड़ लें कड़वाहट काफी हद तक खत्म हो जाएगी.

हरी मैथी की सब्जी बनाने की विधि: ग्रामीण शारदा देवी ने बताया कि हरी मेथी की सब्जी बनाने की रेसिपी बहुत आसान है. इसे बनाने के लिए हरी मैथी 2 कप (बारीक कटी हुई),आलू 2 मध्यम आकार के (छोटे टुकड़ों में कटे हुए),प्याज 1 बारीक कटा हुआ,लहसुन 4 से 5 कलिया (कुटी हुई), टमाटर 1 (बारीक कटा हुआ), आधा हल्दी चम्मच, लाल मिर्च पाउडर आधा चम्मच,नमक स्वादानुसार, और तेल 2 चम्मच की आवश्यकता होती है.

ग्रामीण शारदा देवी ने बताया कि की हरी मैथी की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में तेल गरम करें और उसमें लहसुन-प्याज डालकर सुनहरा भूनें. अब टमाटर डालें और मसाले (हल्दी, नमक, लाल मिर्च) मिलाएं. आलू डालकर 5 मिनट तक भूनें, फिर ढककर धीमी आंच पर पकाएं. जब आलू आधे पक जाए, तब मैथी के पत्ते डालें और मिलाए. 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि मैथी नरम होकर आलू में घुल न जाए. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा घी डालें, इससे स्वाद दोगुना हो जाएगा.

हरी मैथी के पराठे बनाने की विधि: हरी मेथी की सब्जी की तरह ही इसके पराठे बहुत स्वादिष्ट होते हैं. पराठे बनाने के लिए सबसे पहले आटे में मैथी, नमक, अजवाइन, अदरक और हरी मिर्च मिलाकर गूंध ले. थोड़ा तेल लगाकर नरम आटा तैयार करें और 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. अब लोई बनाकर पराठा बेलें और तवे पर तेल/घी से सेंकें. दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें.

हरी मैथी के सेहतमंद फायदे: हेल्थ एक्सपर्ट डॉ अंजू चौधरी के अनुसार हरी मेथी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है. इसका सेवन हमारे शरीर को रोग मुक्त कर सकता है. यह शुगर नियंत्रित करती है. मैथी के पत्ते और दाने दोनों ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मददगार होते हैं और पाचन सुधारती है. इसकी कड़वाहट पाचन रसों को सक्रिय करती है, जिससे गैस और कब्ज में राहत मिलती है.

यह बाल और त्वचा के लिए फायदेमंद है.मैथी में आयरन और विटामिन C होता है जो बालों की जड़ों को मजबूत करता है और त्वचा को ग्लो देता है. इसी के साथ यह दिल के लिए लाभकारी होती है.मैथी कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद करती है, जिससे हृदय स्वस्थ रहता है. सर्दी-जुकाम में राहत देती है.सर्द मौसम में मैथी शरीर को गर्म रखती है और इम्यूनिटी को बढ़ाती है.