Health Tips: अमरूद खाने के फायदे तो लगभग सभी जानते हैं, लेकिन इसके पत्तों से मिलने वाले औषधीय लाभों के बारे में बहुत कम लोग ही परिचित हैं. अमरूद का पत्ता एक प्राकृतिक औषधि है, जिसका उपयोग प्राचीन काल से आयुर्वेद में किया जाता रहा है. खासतौर पर सुबह खाली पेट अमरूद के पत्ते चबाने से शरीर को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं. अमरूद के पत्तों में विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट, फ्लेवोनोइड्स और एंटी-बैक्टीरियल गुण प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं. सीधी के आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन सिंह ने लोकल 18 को बताया कि अमरूद के पत्तों को खाली पेट चबाना एक सरल, सस्ता और प्रभावी घरेलू उपाय है. इसके नियमित सेवन से कई छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में राहत मिल सकती है और शरीर लंबे समय तक स्वस्थ बना रहता है. उन्होंने बताया कि यह उपाय खासतौर पर पाचन तंत्र को मजबूत करने में काफी लाभकारी है.