Last Updated:
Health Tips: मोगरे का पौधा न केवल अपनी खुशबू से माहौल को महकाता है, बल्कि आयुर्वेद में इसके औषधीय गुण भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. यह मानसिक थकान दूर करने, नींद सुधारने, त्वचा व बालों की देखभाल और शरीर से विषैले तत्व निकालने में सहायक है. इसके साथ ही मोगरा धार्मिक रूप से शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है.
मोगरे के फूल अपनी अनोखी खुशबू के लिए जाने जाते हैं. अगर गार्डन में फ्लावर प्लांट लगाने की बात होती है तो मोगरे के पौधे का जिक्र जरूर होता है. इसका कारण है यह कि इसके केवल फूल ही नहीं बल्कि पूरा पौधा खुशबू देता है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका उपयोग औषधीय उपयोग में भी होता है. इसके पौधा का आकार एक झाड़ी की तरह होता है. इसके फूल सफ़ेद रंग के होते हैं और बहुत खुशबूदार होते हैं. इनके पत्तों को हाथों पर रगड़ने से हाथ भी खुशबूदार हो जाते हैं.

आयुर्वेदिक डॉक्टर नरेंद्र कुमार ने बताया कि मोगरे के फूल औषधीय गुणों से भरपूर माने जाते हैं और आयुर्वेद में इनका विशेष महत्व है. इसकी सुगंध से मानसिक थकान दूर होती है और नींद की गुणवत्ता में भी सुधार देखा जाता है. उन्होंने बताया कि मोगरे के फूलों में मौजूद प्राकृतिक एंटीऑक्सिडेंट शरीर को अंदर से साफ करने में मदद करते हैं. इन फूलों का उपयोग शरीर को डिटॉक्स करने में सहायक माना जाता है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर रहता है.

इसके अलावा यह शरीर में जमा विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है. वहीं, त्वचा के लिए भी मोगरे के फूल बेहद लाभकारी होते हैं. इनके रस या तेल का प्रयोग त्वचा को नमी देने, रूखापन दूर करने और उसमें प्राकृतिक चमक लाने के लिए किया जाता है. यह त्वचा को संक्रमण से बचाने में भी सहायक है, इसके उपयोग से कई ब्यूटी प्रोडक्ट बनाए जाते हैं. अरोमा थेरेपी में मोगरे का तेल मानसिक संतुलन बनाए रखने और मूड को बेहतर करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आयुर्वेदिक डॉक्टर के अनुसार, मोगरे के फूल घाव, कट या खरोंच भरने में उपयोगी माने जाते हैं, इनमें मौजूद औषधीय तत्व त्वचा की कोशिकाओं को तेजी से ठीक करने में सहायक होते हैं और सूजन को कम करने में भी मदद करते हैं. वहीं, बालों की सेहत के लिए भी मोगरा काफी फायदेमंद है, मोगरे के फूलों से बना तेल बालों की जड़ों को मजबूत करता है, बालों का झड़ना कम करता है और उन्हें घना व मुलायम बनाने में सहायक होता है. मार्केट में इसका तेल भी मिलता है. वहीं, बालों की मजबूती के लिए डॉक्टर भी मोगरे के तेल का उपयोग करने की सलाह देते हैं.

घर में कैसे लगाए पौधा: गार्डेनिंग एक्सपर्ट रमेश कुमार ने बताया इसे बड़े गमले और मिट्टी दोनों में लगाया जा सकता है. इसके लिए मिट्टी या सीमेंट के गमले का इस्तेमाल कर सकते हैं. मोगरा का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले मिट्टी तैयार की जाती है मिट्टी के लिए मिट्टी में गोबर, कंपोस्ट, कोकोपीट मिलाकर उपजाऊ मिट्टी तैयार कर लेते हैं. ताकि पौधे को भरपूर पोषण मिल सके. इस पौधे को लगाने से पहले उसे स्थान का चयन करें जहां धूप छनकर आती हो. इस पौधे को ज्यादा पानी की आवश्यकता नहीं रहती है. मोगरे के पौधे में कीटों बचाने के लिए जैविक कीटनाशक का प्रयोग करना चाहिए.

मोगरा के पौधे का धार्मिक महत्व: मोगरे का पौधा अधिक खुशबू वाला पौधा होता है इसे शांति का प्रतीक माना जाता है. इसलिए आयुर्वेदिक के साथ साथ इसके अनेकों धार्मिक महत्व भी हैं. घर आंगन चौक में मोगरे का पौधा लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. मोगरा का पौधा घर की नकारात्मक ऊर्जा को खत्म करता है. मोगरा एक पवित्र पौधा माना जाता है. भगवान को प्रसन्न करने के लिए मोगरे के फूल को चढ़ाया जाता है. खासकर माता लक्ष्मी को इसके फूल अधिक पसंद होते हैं.