Last Updated:
Health Tips: सर्दियों में गुड़ सेहत के लिए वरदान माना जाता है, लेकिन बाजार में नकली गुड़ की भरमार है. असली और नकली गुड़ की पहचान कुछ आसान घरेलू तरीकों से की जा सकती है. असली गुड़ स्वादिष्ट, स्वास्थ्यवर्धक और शरीर को गर्म रखता है, जबकि नकली गुड़ नुकसानदायक साबित हो सकता है.
भीलवाड़ा: सर्दियों में सेहत के साथ स्वाद बढ़ाने वाला गुड़ हर घर की ज़रूरत बन जाता है. जैसे ही ठंड का मौसम आता है, लोग चाय, लड्डू, तिल या मूंगफली के साथ गुड़ का सेवन करने लगते हैं लेकिन आज के समय में बाजार में असली और नकली दोनों तरह का गुड़ मिलने लगे है. ऐसे में असली गुड़ की पहचान कर पाना बेहद ज़रूरी हो गया है. नकली गुड़ में कई बार केमिकल मिलाया जाता है. जिससे उसका रंग और चमक बढ़ जाती है, पर ये सेहत के लिए नुकसानदायक साबित होता है. इसलिए खरीदारी से पहले सावधानी बरतना जरूरी है.

गुड़ की असलियत को परखने के लिए कुछ आसान घरेलू तरीके अपनाए जा सकते हैं. सबसे आसान तरीका पानी वाला टेस्ट हैं. एक गिलास पानी में थोड़ा सा गुड़ डालें. असली गुड़ नीचे बैठ जाएगा जबकि नकली गुड़ ऊपर तैरने लगेगा. इसका कारण है कि असली गुड़ में शुद्धता और घनत्व अधिक होता है. वहीं नकली गुड़ में केमिकल या कृत्रिम रंग मिलाए जाते हैं जो उसे हल्का बना देते हैं. यह तरीका घर बैठे ही गुड़ की पहचान करने का सरल उपाय है.

दूसरा तरीका गंध से पहचानने का हैं असली गुड़ से हल्की और प्राकृतिक मिठास वाली सुगंध आती है, जबकि नकली गुड़ से तेज़ या केमिकल जैसी गंध महसूस होती है. असली गुड़ खाने पर मीठा और मुलायम लगता है, वहीं नकली गुड़ में थोड़ी कड़वाहट या खुरदरापन महसूस होता है. असली गुड़ का रंग हल्का भूरा या सुनहरा होता है, जबकि नकली गुड़ ज़्यादा चमकीला या गहरा लाल दिखाई देता है.

अगर गुड़ खरीदने जा रहे हैं तो उसके टुकड़ों की सतह भी ध्यान से देखें. असली गुड़ की सतह थोड़ी दानेदार और प्राकृतिक होती है, जबकि नकली गुड़ एकदम चिकना और चमकदार दिखता है. लोग गुड़ को आकर्षक बनाने के लिए रसायन या कृत्रिम रंगों का उपयोग करते हैं. ऐसे गुड़ का सेवन करने से पेट दर्द, सिरदर्द या त्वचा की समस्याएं भी हो सकती हैं. इसलिए घरेलू परीक्षण के साथ विश्वसनीय दुकानदार से ही गुड़ खरीदें.

गुड़ न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि यह शरीर के लिए बेहद फायदेमंद भी है. इसमें आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं. सर्दियों में गुड़ का सेवन करने से शरीर गर्म रहता है और सर्दी-जुकाम से बचाव होता है. इसके अलावा यह पाचन शक्ति को भी दुरुस्त करता है और रक्त की कमी को पूरा करने में मदद करता है.

अगर रोज़ाना थोड़ा-थोड़ा गुड़ भोजन के बाद खाया जाए तो यह पेट साफ रखने में मदद करता है. यह शरीर से टॉक्सिन निकालने में भी फायदेमंद होता है. गुड़ का सेवन महिलाओं के लिए खासतौर पर लाभदायक माना जाता है क्योंकि यह हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है. वहीं बच्चों के लिए यह मिठाई का एक सेहतमंद विकल्प बन सकता है. घर बैठे पानी, रंग, स्वाद और गंध से उसकी पहचान करना बेहद आसान है. याद रखें, चमकदार गुड़ हमेशा अच्छा नहीं होता. प्राकृतिक रंग और स्वाद वाला देसी गुड़ ही शरीर को पोषण देता है और आपको सर्दियों में फिट रखता है.