हजरत शाह ताज बाबा का 3 दिवसीय उर्स शुरू: रमजान में अकीदतमंददार पहुंचे; कव्वाली में शरीफ परवाज-रुकसाना बानो की जंग – Maihar News


मैहर में हजरत शाह ताज बाबा का तीन दिवसीय सालाना उर्स रविवार से शुरू हो गया है। इस वर्ष उर्स का आयोजन रमजान के पवित्र महीने में होने के कारण इसे विशेष माना जा रहा है। देश के कई हिस्सों से हजारों की संख्या में अकीदतमंद इस रूहानी जलसे में शामिल हो रहे हैं। उर्स के पहले दिन रविवार सुबह दरगाह शरीफ में संदल पेश किया गया। इसके बाद गुस्ल, फातिहा और दुरूदो-सलाम के साथ पहले ‘कुल’ की रस्म अदा की गई। रात में मिलाद-उन-नबी का कार्यक्रम हुआ, जिसमें बाहर से आए उलेमाओं ने तकरीरें और नातिया कलाम पेश किए। सोमवार को उर्स का दूसरा ‘कुल’ संपन्न हुआ। सुबह से ही दरगाह में चादरपोशी के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ रही है। दुरूद-फातिहा और लंगर-ए-आम का आयोजन जारी है। दरबार के सामने ‘महफिले समां’ का भी आगाज हुआ, जिसमें सूफियाना कव्वाली और तकरीर का कार्यक्रम पूरी रात चलेगा। कल कव्वाली का महामुकाबला उर्स के तीसरे और अंतिम दिन मंगलवार को लाखों की संख्या में जायरीन हाजिरी लगाएंगे। रात 9:30 बजे से कव्वाली का महामुकाबला आयोजित होगा। इसमें कानपुर के मशहूर टीवी सिंगर शरीफ परवाज और बनारस की मशहूर फनकारा रुकसाना बानो के बीच कव्वाली की जंग देखने को मिलेगी। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक और मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद ए मोहसिन ने बताया कि उर्स के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मेले में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। इसके अतिरिक्त, पार्किंग स्थल से दरगाह तक जायरीन को लाने-ले जाने के लिए कमेटी द्वारा निःशुल्क ऑटो रिक्शा सेवा भी शुरू की गई है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *