Hair Growth Tips: बाल झड़ रहे हैं और गंजेपन की है चिंता? ऐसे करें प्याज का रस का इस्तेमाल, बदबू भी नहीं आएगी

Onion Juice For Hair Growth : आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में बालों का झड़ना और सिर पर गंजेपन के निशान दिखना कई लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. कम उम्र में हेयरलाइन पीछे जाना, बालों का पतला होना और कंघी में ज्यादा बाल दिखना आत्मविश्वास को भी प्रभावित करता है. महंगे ट्रीटमेंट और केमिकल प्रोडक्ट्स आज़माने के बाद भी जब मनचाहा रिज़ल्ट नहीं मिलता, तो लोग देसी और नेचुरल उपायों की तलाश करने लगते हैं. ऐसे में प्याज का रस एक ऐसा नुस्खा है, जो बालों की ग्रोथ के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसकी तेज़ बदबू कई लोगों को इसे इस्तेमाल करने से रोक देती है. आइए हम बताते हैं इसे इस्‍तेमाल करने का तरीका, जिसका असर भी ज्‍यादा होगा और बदबू भी नहीं आएगी.

क्‍यों फायदेमंद है प्‍याज का रस बालों के लिए
प्याज का रस लंबे समय से बालों की देखभाल में इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसमें मौजूद सल्फर स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है, जिससे बालों की जड़ों तक पोषण पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है. जब स्कैल्प को सही मात्रा में पोषण मिलता है, तो कमजोर होते हेयर फॉलिकल्स को मजबूती मिलती है और बाल टूटने या झड़ने की रफ्तार कुछ हद तक कम हो सकती है. यही वजह है कि आज भी कई लोग हेयर फॉल की शुरुआती समस्या में प्याज के रस को आज़माते हैं.

इस तरह करें बालों पर इस्‍तेमाल-
अक्सर प्याज के रस को सीधे स्कैल्प पर लगाने की सलाह दी जाती है, लेकिन कई लोग इसकी तेज़ बदबू और जलन की वजह से इसे बीच में ही छोड़ देते हैं. इसी समस्या को देखते हुए अब लोग प्याज के रस को दूसरी चीज़ों के साथ मिलाकर इस्तेमाल करने लगे हैं. जैसे नारियल तेल के साथ प्याज का रस मिलाने से न सिर्फ बदबू थोड़ी कम होती है, बल्कि बालों को अतिरिक्त नमी भी मिलती है. वहीं, एलोवेरा जेल के साथ इसका इस्तेमाल स्कैल्प को ठंडक देता है और खुजली या जलन की परेशानी को कम कर सकता है.

कुछ लोग प्याज के रस में कच्चा शहद भी मिलाते हैं. शहद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं. वहीं, एप्पल साइडर विनेगर को बाद में रिंस के तौर पर इस्तेमाल करने से स्कैल्प की गंदगी साफ होती है और प्याज की गंध काफी हद तक कम हो जाती है. सही तरीका अपनाया जाए, तो यह नुस्खा ज्यादा परेशान किए बिना रूटीन में शामिल किया जा सकता है.

हालांकि, यह समझना जरूरी है कि प्याज का रस कोई जादुई इलाज नहीं है. जहां बालों की जड़ें पूरी तरह कमजोर या खत्म हो चुकी हैं, वहां इससे नए बाल उगने की गारंटी नहीं दी जा सकती. लेकिन जिन लोगों को शुरुआती दौर में बाल पतले होने या ज्यादा हेयर फॉल की शिकायत है, उन्हें नियमित और सीमित मात्रा में इसका फायदा मिल सकता है. ध्यान रखें कि हर बार ताजा रस ही इस्तेमाल करें और अगर स्कैल्प ज्यादा सेंसिटिव है, तो पहले पैच टेस्ट जरूर करें.

सबसे अहम बात यह है कि किसी भी घरेलू उपाय से तुरंत नतीजों की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. सही खान-पान, तनाव से दूरी और नियमित देखभाल के साथ अगर प्याज के रस वाला ट्रिक इस्‍तेमाल करें तो समय के साथ बालों की सेहत में कुछ सुधार महसूस किया जा सकता है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *