Hair Growth Remedy: बालों का झड़ना आजकल हर उम्र के लोगों में एक आम परेशानी बन चुकी है. चाहे लड़कियां हों या लड़के, सब अपने बालों को लेकर परेशान नजर आते हैं. बदलता मौसम, तनाव, गलत खानपान और केमिकल वाले प्रोडक्ट्स हमारे बालों को कमजोर बना देते हैं. कई बार हम महंगे शैंपू, तेल और सीरम तक इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन फर्क नजर नहीं आता. असल में बालों की जड़ें तब तक मजबूत नहीं बन सकतीं जब तक आप उन्हें अंदर से सही पोषण नहीं देते और बाहर से नेचुरल चीज़ों का सहारा नहीं लेते. चरक संहिता में ऐसे कई आयुर्वेदिक नुस्खे बताए गए हैं जो बालों की जड़ों को फिर से एक्टिव करते हैं और झड़ना कम करने में मदद करते हैं. इन नुस्खों की खासियत ये है कि इनमें किसी तरह का साइड इफेक्ट नहीं होता. बस थोड़ा धैर्य रखना होता है और सही तरीके से अपनाना होता है. आज हम आपको एक ऐसा असरदार नुस्खा बता रहे हैं जो चरक संहिता में भी बताया गया है, ये नुस्खा बालों को झड़ने से रोकने के साथ-साथ उन्हें मुलायम, घना और चमकदार भी बनाता है. इसकी खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से तैयार किया जा सकता है.
बाल झड़ने के कई कारण हो सकते हैं-तनाव, हार्मोनल बदलाव, खानपान में कमी, गलत तेल या शैंपू का इस्तेमाल, या फिर पर्याप्त नींद का न लेना. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने शरीर के सिग्नल्स को इग्नोर कर देते हैं. जब तक सिर का कोई हिस्सा खाली नजर आने न लगे, तब तक उन्हें एहसास ही नहीं होता कि मामला कितना बिगड़ चुका है. यही लापरवाही आगे चलकर गंजेपन की शुरुआत बन जाती है. अगर आप समय रहते ध्यान नहीं देते और हेयर फॉल रोकने की कोशिश नहीं करते, तो एक दिन बालों का बचना मुश्किल हो सकता है. स्ट्रेस इस स्थिति को और खराब कर देता है. जैसे-जैसे तनाव बढ़ता है, बाल झड़ने की स्पीड भी बढ़ जाती है.
चरक संहिता से लिया गया असरदार नुस्खा
अगर आप कई तरह के प्रोडक्ट्स आजमा चुके हैं और फिर भी फर्क नजर नहीं आ रहा, तो अब वक्त है कि नेचुरल उपाय अपनाया जाए. कंटेंट क्रिएटर स्वधा खन्ना ने एक ऐसा नुस्खा शेयर किया है जो चरक संहिता से लिया गया है. यह बालों की जड़ों को पोषण देने के साथ उन्हें दोबारा मजबूत बनाने में मदद करता है.
इस नुस्खे के लिए ज़रूरी चीज़ें
-गुलाब की सूखी पंखुड़ियां
-ब्राह्मी
-गुड़हल (हिबिस्कस)
-मेथी के दाने
-लौंग
-एलोवेरा
-गुलाब जल
नुस्खा बनाने का तरीका
1. सबसे पहले एक पैन में पानी उबालें और उसमें गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें.
2. पानी का रंग बदलने लगे तो इसे छानकर अलग रख लें.
3. अब इस पानी में बाकी सारी चीजें – ब्राह्मी, गुड़हल, मेथी के दाने, लौंग और एलोवेरा – डालकर दो दिन के लिए भिगो दें।
4. दो दिन बाद इस मिश्रण को फिर से उबालें, छानें और ठंडा कर लें.
5. अब इसे एक स्प्रे बोतल में भर लें और रोज बालों की जड़ों में स्प्रे करें.
इस टोनर के फायदे
1. ब्राह्मी बालों की जड़ों को मजबूत करती है और झड़ना कम करती है.
2. गुड़हल में मौजूद अमीनो एसिड और विटामिन्स बालों की ग्रोथ को तेज करते हैं.
3. मेथी के दाने बालों में नमी लाते हैं और डैंड्रफ खत्म करते हैं.
4. लौंग सिर की स्किन में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाती है जिससे बालों को बेहतर पोषण मिलता है.
5. एलोवेरा बालों को स्मूद और फ्रिज़-फ्री बनाता है.
6. गुलाब जल बालों में ताजगी और खुशबू बनाए रखता है.
लगातार 7 दिन इस्तेमाल के बाद आपको फर्क नजर आने लगेगा. बाल झड़ना कम होगा और बालों में हल्की-सी चमक दिखेगी. दो हफ्तों के अंदर बाल पहले से ज्यादा सॉफ्ट, घने और स्ट्रॉन्ग महसूस होंगे.
कुछ ज़रूरी बातें ध्यान में रखें
1. कोशिश करें कि नुस्खा ग्लास की बोतल में रखें.
2. इसे फ्रिज में स्टोर करें ताकि ये खराब न हो.
3. अगर सिर में खुजली या एलर्जी होती है, तो पहले पैच टेस्ट ज़रूर करें.
4. बेहतर रिज़ल्ट के लिए रोजाना 5 मिनट सिर की जड़ों की मसाज करें.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.