Helmet Hygiene For Healthy Scalp : हर रोज बाइक चलाने वालों के मन में ये सवाल जरूर आता है, क्या हेलमेट पहनने से बाल झड़ते हैं? बहुत से लोग मानते हैं कि हेलमेट बालों की जड़ों को कमजोर करता है, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसा पूरी तरह सही नहीं है. हेलमेट सीधे तौर पर बाल झड़ने की वजह नहीं होता, बल्कि इसे पहनने का तरीका, साफ-सफाई और फिटिंग बालों की सेहत पर असर डालते हैं. अगर हेलमेट गंदा हो या बहुत टाइट हो, तो स्कैल्प में पसीना और घर्षण से बाल कमजोर हो सकते हैं. चलिए जानते हैं इस मिथक के पीछे की सच्चाई और बचाव के आसान तरीके.
क्या कहता है विज्ञान?
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, हेलमेट और बालों के झड़ने के बीच सीधा वैज्ञानिक सबूत नहीं है. हालांकि, कभी-कभी हेलमेट पहनने से सिर की त्वचा पर पसीना जमा हो सकता है. अगर हेलमेट की अंदरूनी परत साफ नहीं रखी जाती या उसमें फंगस और बैक्टीरिया पनप जाते हैं, तो यह स्कैल्प को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में स्कैल्प इंफेक्शन और बालों का कमजोर होना आम बात है.
मुंबई की त्वचा विशेषज्ञ डॉ. शरीफा चौसे बताती हैं कि हेलमेट सिर की त्वचा पर नमी बढ़ा देता है. यह नमी अगर लंबे समय तक बनी रहे, तो वहां फंगस या बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे खुजली, जलन और डैंड्रफ जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. इसका मतलब यह नहीं कि हेलमेट पहनना गलत है, बल्कि हेलमेट की सफाई और बालों की केयर का ध्यान रखना जरूरी है.
हेलमेट पहनने से पहले रखें ये बातें ध्यान-
- साफ रुमाल या कॉटन स्कार्फ पहनें: हेलमेट लगाने से पहले सिर पर हल्का कपड़ा बांधें. यह पसीना सोख लेगा और बालों को घर्षण से बचाएगा.
- हेलमेट को रोज साफ करें: अंदर लगी लाइनर या फोम को समय-समय पर धोएं और धूप में सुखाएं ताकि फंगस न पनपे.
- हवादार हेलमेट चुनें: ऐसा हेलमेट खरीदें जिसमें वेंटिलेशन हो. इससे हवा आती-जाती रहेगी और पसीना जमा नहीं होगा.
- बालों की नियमित सफाई करें: रोजाना हल्के शैम्पू से बाल धोएं ताकि स्कैल्प साफ रहे और संक्रमण से बचाव हो.
- बहुत टाइट हेलमेट न पहनें: टाइट फिटिंग से बालों की जड़ों पर खिंचाव पड़ता है, जिससे बाल झड़ सकते हैं.
युवाओं में बाल झड़ने की असली वजह- डॉक्टरों के मुताबिक, आजकल युवाओं में बाल झड़ने की समस्या तेजी से बढ़ रही है, और इसके पीछे कई कारण हैं —
- हार्मोनल बदलाव (Hormonal factors), खासकर पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन का असर.
- महिलाओं में PCOD (Polycystic Ovary Disorder) जैसी स्थितियां.
- जेनेटिक कारण (Genetic hair loss) यानी परिवार में गंजेपन का इतिहास.
- तनाव, धूम्रपान, विटामिन और आयरन की कमी भी बाल झड़ने को बढ़ाती है.
इसलिए हेलमेट को दोष देने के बजाय अपने लाइफस्टाइल और हेयर केयर रूटीन पर ध्यान देना जरूरी है.
क्या करें ताकि बाल रहें हेल्दी-
आहार में प्रोटीन, आयरन, विटामिन E और बायोटिन शामिल करें.
नियमित रूप से तेल मसाज करें ताकि ब्लड सर्कुलेशन बढ़े.
पर्याप्त नींद और पानी लें, क्योंकि डिहाइड्रेशन से भी बाल झड़ते हैं.
ज़रूरत पड़ने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें.
इस तरह कह सकते हैं कि हेलमेट पहनना बाल झड़ने का सीधा कारण नहीं है. बल्कि गलत आदतें, गंदा हेलमेट और पसीना बालों के झड़ने की मुख्य वजह हैं. सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूरी है, बस थोड़ी सी सावधानी और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर आप अपने बालों को भी सुरक्षित रख सकते हैं. तो अब बाइक चलाते वक्त डरें नहीं, सिर भी बचाएं, बाल भी!
.