होली के बाद बाल हो गए रूखे और खराब? बेसन-दही और ऑलिव ऑयल मास्क करेगा कमाल

अंबाला: होली का त्योहार आते ही हर तरफ रंग, गुलाल और खुशियों का माहौल बन जाता है, लेकिन जैसे ही लोग होली का त्योहार मनाकर हटते हैं तो उन्हें स्किन और बालों से जुड़ी समस्याओं को लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. दरअसल कल महिलाओं और बच्चों ने होली का त्योहार धूमधाम से मनाया और अब कई जगहों पर स्किन की समस्याएं भी काफी ज्यादा देखने को मिल रही हैं. केमिकल युक्त रंगों के कारण कई लोगों की त्वचा को नुकसान पहुंचा है और कई लोग एलर्जी, खुजली, जलन और रैशेज जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं.

स्किन से जुड़ी समस्याओं की ओपीडी भी बढ़ी

इन सभी समस्याओं को लेकर जब लोकल 18 की टीम ने अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल के आयुर्वेदिक डॉक्टर जितेंद्र वर्मा से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि होली के दिन लोग अक्सर आर्टिफिशियल और केमिकल युक्त रंगों का इस्तेमाल करते हैं, जिसके कारण उन्हें अब स्किन की विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वैसे तो मार्केट में हर्बल रंग भी उपलब्ध थे, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने केमिकल युक्त रंगों का इस्तेमाल किया, जिससे स्किन से जुड़ी समस्याओं की ओपीडी भी बढ़ गई है.

क्या है देसी उपचार

उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर लोग रंगों के अंदर कांच के कण मिलाकर भी होली खेल रहे थे, जिससे चेहरे की त्वचा काफी प्रभावित हुई है और अब कई लोगों के चेहरे पर निशान और जलन देखने को मिल रही है. डॉक्टर के अनुसार आयुर्वेद में त्वचा की सुरक्षा के लिए मसूर की दाल, चंदन पाउडर और गुलाब जल का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाना काफी फायदेमंद होता है. लोग इस आयुर्वेदिक पेस्ट का आसानी से उपयोग कर सकते हैं.

नीम और एलोवेरा का पेस्ट 

इसके साथ ही नीम और एलोवेरा का पेस्ट एलर्जी और कील-मुंहासों के लिए भी काफी लाभकारी माना जाता है. महिलाएं नीम की पत्तियों का पेस्ट और ताजा एलोवेरा जेल मिलाकर चेहरे पर लगा सकती हैं. यह रंग लगने के बाद होने वाली एलर्जी या दानों में काफी राहत देता है.

उन्होंने बताया कि कई लोगों के चेहरे से अब तक पक्का रंग नहीं उतर पाया है. ऐसे में लोग आंवला, रीठा और शिकाकाई से बना बॉडी मास्क इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए 1-1 चम्मच आंवला, रीठा और शिकाकाई पाउडर को पानी में मिलाकर पेस्ट बना लें और जहां भी त्वचा पर होली का रंग लगा हो वहां लगा लें. इससे त्वचा से रंग हटाने में मदद मिलती है.

बालों से जुड़ा उपाय

डॉक्टर ने यह भी बताया कि कई लोगों को बालों से जुड़ी समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है. जिन लोगों ने होली खेलने से पहले अपने बालों में नारियल या सरसों का तेल लगाया था, उन्हें ज्यादा समस्या नहीं हुई. अब बालों को पहले की तरह मुलायम और चमकदार बनाने के लिए घर पर बेसन-दही का मास्क इस्तेमाल किया जा सकता है. जिन लोगों के बालों में अभी भी जिद्दी रंग लगा हुआ है, वे बेसन और दही का पेस्ट 20 मिनट तक बालों में लगाकर रखें और फिर धो लें. इससे बाल साफ हो जाएंगे.

हेयर मास्क

इसके अलावा जैतून के तेल (ऑलिव ऑयल), नींबू का रस और दही से बना मास्क भी बालों के लिए फायदेमंद होता है. इस मास्क को बालों में 30 मिनट तक लगाकर रखने के बाद सौम्य या आयुर्वेदिक शैंपू से बाल धो सकते हैं. डॉक्टर का कहना है कि इन उपायों को अपनाने से तीन से चार दिनों में धीरे-धीरे त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याएं कम हो जाती हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी सलाह दी कि अगर किसी को ज्यादा परेशानी हो रही हो तो इन उपायों को अपनाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें, ताकि किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *