ग्वालियर नगर निगम का 2366 करोड़ का बजट पेश: नया टैक्स नहीं, भाजपा ने बताया ‘जनता के साथ धोखा’; 13 मार्च से होगी बजट पर चर्चा – Gwalior News


ग्वालियर नगर निगम में शुक्रवार को बजट को लेकर एक विशेष परिषद सम्मेलन आयोजित किया गया। कांग्रेस महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने वर्ष 2026-27 के लिए 2366 करोड़ 20 लाख 13 हजार रुपए का बजट पेश किया। इस बजट में जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया गया है। हालांकि, विपक्ष में बैठी भाजपा ने इस बजट को जनता के साथ धोखा बताया है। महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने अपने कार्यकाल का यह चौथा बजट पेश किया। 2366 करोड़ रुपए के इस बजट में 12 लाख 20 हजार 350 रुपए का शुद्ध लाभ भी दर्शाया गया है। अपने बजट भाषण में महापौर ने नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने इंदौर और भोपाल की तर्ज पर चुंगी क्षतिपूर्ति बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे शासन द्वारा मंजूर नहीं किया गया। महापौर ने शासन पर घोषणाओं के अनुरूप फंड नहीं देने का आरोप भी लगाया। सभापति ने बजट पर आपत्ति और दावे प्रस्तुत करने के लिए 10 मार्च तक का समय निर्धारित किया है। बजट पर चर्चा 13 मार्च से शुरू होगी। बजट में यह रहे खास मुद्दे राजस्व विभाग की आय में वृद्धि के लिए 9 से अधिक प्रस्तावित योजनाओं का बजट में उल्लेख किया गया। बजट में जनकार्य के लिए 630 करोड़ 50 लाख 5 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है। कार्यशाला विभाग के अंतर्गत नए वाहन खरीदने, स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए डस्टबिन खरीदने, सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सहित अन्य कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपए का प्रावधान किया गया है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *