ग्वालियर: दूल्हे के दिव्यांग होने पर दुल्हन का शादी से इनकार, बारात बंधक और 10 लाख की मांग

सुशील कौशिक, 

Gwalior: दूल्हे के दिव्यांग होने पर शादी से इनकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि शादी के दिन जब दुल्हन और उसके पिता को दूल्हे के दिव्यांग होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने शादी मना कर दिया. इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पूरी बारात को बंधक बना लिया गया और उनसे पैसे की मांग की गई. मिली जानकारी के अनुसार, शादी तय होने के बाद दूल्हा पक्ष पूरे रीति-रिवाज के साथ बारात लेकर पहुंचा था. शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन इसी दौरान दुल्हन पक्ष को दूल्हे के दिव्यांग होने की खबर मिली. इसके बाद दुल्हन और उसके पिता ने शादी से साफ इनकार कर दिया.

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जनकगंज थाने में दूल्हे प्रशांत कुशवाह और उसके पिता लोटन कुशवाह, निवासी नादरिया की माता गुढ़ा, ने शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में बताया गया है कि प्रशांत कुशवाह की शादी बेलदार का पुरा निवासी धर्मजीत कोठारी कुशवाह की बेटी रितु से 11 दिसंबर को तय हुई थी. तय तारीख पर प्रशांत पूरे रीति-रिवाजों के साथ बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा. स्टेज पर वरमाला भी हुई और शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं. शिकायत के अनुसार, जब मंडप में फेरे शुरू होने वाले थे और दूल्हा मंडप में पहुंच चुका था, तभी दुल्हन मंडप में नहीं आई. जब दूल्हे के परिजनों ने दुल्हन पक्ष से बात की, तो उन्होंने दुल्हन को मंडप में लाने से साफ इनकार कर दिया. आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने यह कहकर शादी से मना कर दिया कि दूल्हा पैरों से दिव्यांग है. दूल्हे के पिता ने जब कहा कि उनका बेटा दिव्यांग नहीं है, तब भी दुल्हन पक्ष नहीं माना और शादी तोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की मांग की.

दूल्हे के पिता ने पुलिस को बताया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार पहले ही गहने, कपड़े और अन्य चढ़ावे की सामग्री दुल्हन पक्ष को सौंप चुके थे. इसके बावजूद दुल्हन पक्ष अड़ा रहा और जनमासे के दौरान दोनों ओर से दूल्हा पक्ष को घेर लिया गया. शिकायत में यह भी बताया गया है कि डेढ़ साल पहले जब शादी तय हुई थी, तब से लेकर बारात आने तक कभी भी दूल्हे को दिव्यांग नहीं बताया गया, लेकिन बारात पहुंचने के बाद अचानक इसी बात को लेकर शादी से इनकार कर दिया गया.

दूल्हा पक्ष पर दबाव बनाया
आरोप है कि इस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने शादी में मौजूद फोटोग्राफर को भी बंधक बना लिया और फोटो और वीडियो डिलीट करने की धमकी दी. इसके बाद दूल्हा पक्ष ने किसी तरह 9 लाख रुपये जुटाकर दुल्हन पक्ष को दिए और रुपये के लेन-देन का पंचनामा भी तैयार किया गया. इसके बावजूद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और बारात को बिना शादी के दूल्हे के साथ वापस लौटना पड़ा. अपने साथ हुए अपमान और धोखाधड़ी से आहत होकर दूल्हे के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की. पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, यह मामला समाज में दिव्यांग लोगों के साथ होने वाले भेदभाव पर भी सवाल खड़े करता है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *