स्टोन क्रेशर में रखी बारूद फटी, दो मजदूर झुलसे: दतिया में धमाका; दोनों गंभीर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर – datia News


दतिया के उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम नरगढ़ स्थित एक स्टोन क्रेशर में रखी बारूद में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घायलों में बाबूराम निवासी जयपुर (राजस्थान) और गब्बर कुशवाह निवासी ललितपुर (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। दोनों मजदूर क्रेशर परिसर में बने एक कमरे में पहुंचे थे, जहां ब्लास्टिंग के लिए रखी बारूद में अचानक धमाका हो गया। बारूद को लेकर भी जांच कर रही है पुलिस
बताया गया है कि क्रेशर में ब्लास्टिंग का काम मुरैना निवासी धर्मवीर गुर्जर करता है और बारूद उसी ने कमरे में रखी थी। मजदूर किस काम से कमरे में गए थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बारूद वैध रूप से लाई गई थी या अवैध तरीके से रखी गई थी। क्रेशर संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। लंबे समय से बंद पड़ी खदान
जानकारी के अनुसार यह खदान लंबे समय से बंद पड़ी थी और इसकी रॉयल्टी भी जारी नहीं हो रही थी। करीब एक सप्ताह पहले ही खदान को फिर से चालू किया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इधर, जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया का कहना है कि क्रेशर अवैध था। वह काफी समय से बंद था। कैसे ब्लास्ट हुआ यह स्पष्ट नहीं है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *