Grow Coriander At Home: धनिया ऐसा मसाला है जो हर रसोई की शान बढ़ा देता है. चाहे दाल हो, सब्जी हो, सलाद हो या चटनी-ऊपर से हल्का-सा धनिया डालते ही खाने का स्वाद ही बदल जाता है, लेकिन आजकल बाजार में धनिया इतना महंगा मिलता है कि कई लोग इसे खरीदते हुए भी सोचते हैं कि थोड़ा कम ही ले लें. कई बार तो ताज़ा धनिया ढूंढना भी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में अगर धनिया घर पर ही उगा लिया जाए, वो भी बिना ज्यादा मेहनत के, तो इससे बढ़िया बात क्या हो सकती है! अच्छी बात यह है कि धनिया ऐसा पौधा है जिसे उगाना बेहद आसान है. इसके लिए न कोई बड़ा गमला चाहिए, न ज्यादा मिट्टी, न ज्यादा धूप, और न ही कोई महंगा सामान. बस थोड़ा-सा सही तरीका अपनाएं और कुछ ही दिनों में आपके गमले में ताजी हरी-भरी धनिया की पत्तियां चमकने लगेगी. यूट्यूब पर Garden in Pot नाम के चैनल ने एक तरीका बताया है, जिसे लोग ‘जादुई तरीका’ कह रहे हैं, क्योंकि इस तरीके से सिर्फ 5 दिन में धनिया की पत्तियां ऊपर आने लगती हैं. कई लोग इसे ट्राई कर चुके हैं और उन्हें कमाल का रिजल्ट मिला है, अगर आप भी चाहते हैं कि आपके घर की बालकनी, छत या खिड़की के पास हर वक्त ताज़ा धनिया उपलब्ध रहे, तो यह तरीका आपके लिए परफेक्ट है. थोड़ी सी तैयारी, सही तरीके से बोआई और हल्की देखभाल-बस इतना करने पर आप खुद उगा सकते हैं बिल्कुल बाजार जैसी खुशबू वाला धनिया.
चलिए आपको पूरा आसान प्रोसेस बताते हैं, जिसे फॉलो करके आप सिर्फ कुछ ही दिनों में ताजी पत्तियां उगा सकते हैं.
धनिया पत्ती के पोषक तत्व
धनिया की पत्तियां सिर्फ स्वाद बढ़ाने का काम ही नहीं करतीं, बल्कि इनके अंदर कई जरूरी पोषक तत्व भी होते हैं. इसमें विटामिन A, C और K भरपूर मात्रा में पाया जाता है. इसके साथ ही इसमें फोलिक एसिड, आयरन, मैंगनीज, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे कई मिनरल भी होते हैं.
इसलिए खाने में रोज थोड़ा-सा ताज़ा धनिया शामिल करने से शरीर को बहुत फायदा मिलता है-पाचन बेहतर होता है, इम्यूनिटी मजबूत होती है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं.
घर पर धनिया कैसे उगाएं (स्टेप-बाय-स्टेप आसान गाइड)
धनिया उगाना जितना आसान लगता है, उससे कहीं ज्यादा आसान है. बस सही तरीके से बीज तैयार करें और थोड़ी सी मिट्टी में इन्हें बो दें.
1. पहले बीज तैयार करें
-बाजार से थोड़ा सा धनिया लेकर आएं.
-इन बीजों को एक प्लेट में फैला दें और कुछ घंटों के लिए धूप में रख दें.
-अब हल्के हाथ से किसी चीज से दबाकर इन बीजों को दो हिस्सों में तोड़ लें.
(ध्यान रहे-बहुत जोर से न दबाएं वरना बीज पाउडर हो जाएगा)
-जब बीज दो हिस्सों में बंट जाएं, तब इन्हें 24–48 घंटे पानी में भिगो दें.
भिगोने से बीज नरम हो जाते हैं और अंकुर जल्दी फूटता है.
2. मिट्टी तैयार करें
-किसी छोटे या मध्यम गमले में हल्की और ढीली मिट्टी डालें.
-हाथ से मिट्टी को हल्का-सा फुला दें ताकि हवा आसानी से अंदर जा सके.
-मिट्टी में थोड़ा पानी डालकर उसे नम कर लें.
मिट्टी नम होनी चाहिए, गीली नहीं.
3. बीज बोएं
-भीगे हुए बीजों का पानी निकाल दें.
-अब इन बीजों को मिट्टी की सतह पर फैला दें.
-ऊपर से लगभग 1–2 इंच मिट्टी डालकर हल्के हाथ से दबा दें.
4. धूप और पानी पर ध्यान दें
-मिट्टी को रोज हल्का-सा नम रखें.
-गमले को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो.
अगर सब ठीक रहा, तो 5 दिन के अंदर ही मिट्टी फटकर छोटी-छोटी पत्तियां बाहर आने लगेंगी.
धनिया उगाने के छोटे लेकिन जरूरी टिप्स
-बीज हमेशा दो हिस्सों में तोड़कर ही बोएं, इससे अंकुरण बहुत तेज होता है.
-पानी हमेशा हल्का-सा ही दें, ज्यादा पानी से मिट्टी सख्त हो जाती है.
-पूरी धूप की जरूरत नहीं होती-4–5 घंटे की हल्की धूप काफी है.
-पत्तियां थोड़ी लंबी होते ही ऊपर से काटें, इससे पौधा फिर से बढ़ने लगेगा.
5 दिन बाद क्या होगा?
अगर आपने ऊपर दिए तरीके सही से अपनाए हैं तो 5–6 दिन में मिट्टी से हरी-हरी कोंपलें निकलती दिखेंगी.
10–12 दिन में ये पत्तियां कटाई लायक हो जाती हैं.
काटने के बाद भी पौधा फिर से नई पत्तियां देता रहता है, इसलिए एक बार बोआई करने पर कई हफ्ते तक ताज़ा धनिया मिलता रहता है.
.