Maihar Crime: मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र के ग्राम रैगवां में नशे की लत और लालच ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। जिस दादी ने पोते को अ …और पढ़ें
HighLights
- शराब का लालच और खून का प्यासा पोता
- रैगवां में बुजुर्ग महिला पर ब्लेड से हमला
- मौत से जूझ रही 90 वर्षीय वृद्धा, मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र के ग्राम रैगवां में नशे की लत और लालच ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। जिस दादी ने पोते को अपनी गोद में खिलाकर बड़ा किया, उसी पोते ने शराब के चंद रुपयों के लिए दादी की गर्दन पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हृदयविदारक घटना में 90 वर्षीय वृद्धा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल सतना में चल रहा है।
शराब के पैसों के लिए किया जानलेवा हमला
घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रैगवां निवासी फूलनबाई दहिया (90 वर्ष) घर पर मौजूद थीं, तभी उनके पोते चिंटू दहिया (23 वर्ष) ने उनसे शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। वृद्धा ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने पहले दादी के साथ मारपीट की और फिर जेब से ब्लेड निकालकर उनकी गर्दन पर वार कर दिया। वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
हालत नाजुक, सतना रेफर
घायल वृद्धा को तत्काल मैहर सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरा होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सतना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, वृद्धा की उम्र अधिक होने और गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
नशे का आदी है आरोपी पोता
स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि आरोपी चिंटू दहिया लंबे समय से नशे का आदी है। वह कोई काम नहीं करता और घर की जिम्मेदारियों से उसे कोई सरोकार नहीं है। वृद्धा का बेटा (आरोपी का पिता) मजदूरी के लिए परिवार सहित बाहर रहता है, जबकि चिंटू अपनी दादी के साथ गांव में ही रहता था। नशे की खातिर पैसों के लिए वह अक्सर अपनी दादी और पिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता रहता था।
.