दादा ने जायदाद से किया बेदखल, पार्टी गर्ल कहने लगे लोग, फिर अपने बूते बनाया 2500 करोड़ का साम्राज्य

Success Story: पैरिस हिल्टन. एक ऐसा नाम, जिसका सरनेम (हिल्टन) ही परिचय देने के लिए काफी था. हमेशा कैमरों की चमक, महंगी गाड़ियां और दुनिया के सबसे अमीर परिवारों में से एक लड़की का नाम. लोग समझते थे कि यह लड़की तो मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुई है. उसकी किस्मत में महल और राजसी ठाठ-बाठ हैं, लेकिन हकीकत के परदे के पीछे कुछ और ही चल रहा था. एक दिन ऐसा आया, जिसने पैरिस हिल्टन की लाइफ को हमेशा के लिए बदल दिया. उनके दादा ने एक ऐसा फैसला लिया जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया. अभी तक पैरिस की पहचान केवल अपने दादा की वजह से ही थी. उनके दादा हिल्टन होटल्स के मालिक थे. उनके दादा ने अपनी 15 अरब डॉलर की जायदाद का एक बहुत बड़ा हिस्सा दान करने का एलान कर दिया. मतलब ये था कि पैरिस को उस खानदानी दौलत से बहुत कुछ नहीं मिलने वाला था. जो लड़की हमेशा पैसों के बीच रही हो और उसने कभी तंगी न देखी हो, उसके सामने अचानक एक सवाल खड़ा हो गया कि वो करेगा क्या?

पैरिस का बचपन न्यूयॉर्क के आलीशान होटलों और महलों में बीता. वो बचपन से ही ऐसी दुनिया का हिस्सा थीं, जहां अमीरी की कोई लिमिट नहीं थी. लेकिन इस चमक-धमक के बीच एक कड़वा सच भी था. पैरिस को बहुत कम उम्र में एक बोर्डिंग स्कूल भेज दिया गया था, जहां उनके साथ काफी बुरा बर्ताव हुआ. वहां की यादें आज भी उनके मन में एक घाव की तरह हैं. उस वक्त उन्होंने खुद से एक वादा किया था कि वो एक दिन इतनी कामयाब बनेंगी कि कोई उन पर हुक्म न चला पाए. उनके परिवार का दबदबा इतना था कि लोग उन्हें सिर्फ हिल्टन खानदान की बेटी के तौर पर देखते थे. उनके पिता और दादा चाहते थे कि वो एक शांत और सलीकेदार बिजनेस घराने की लड़की बनकर रहें, लेकिन पैरिस के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था.

एक शो ने बना दिया स्टार, परिवार ने मान लिया अपमान

जब वो बड़ी हुईं, तो उन्होंने मॉडलिंग और टीवी की दुनिया में कदम रखा. उस दौर में इंटरनेट नया-नया आया था और सोशल मीडिया जैसा कुछ नहीं था. एक शो आया, जिसका नाम था द सिंपल लाइफ (The Simple Life). इस शो ने उन्हें रातों-रात घर-घर में मशहूर कर दिया. लेकिन इसी शोहरत के साथ विवाद भी आए. उनके परिवार को लगा कि पैरिस खानदान का नाम खराब कर रही हैं. इसी नाराजगी की वजह से उनके दादा ने उन्हें अपनी वसीयत से बाहर कर दिया. कल्पना कीजिए, एक तरफ करोड़ों की विरासत हाथ से निकल गई थी, और दूसरी तरफ पूरी दुनिया उनका मजाक उड़ा रही थी. लेकिन यहीं से पैरिस हिल्टन का असली गेम शुरू हुआ. उन्होंने तय किया कि वो अपनी पहचान को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएंगी.

यहीं से शुरुआत हुई उनके पहले परफ्यूम Paris Hilton for Women की. उस दौर में सेलिब्रिटी परफ्यूम का मार्केट आज जैसा नहीं था. बड़े ब्रांड्स को लगता था कि लोग महंगे फ्रेंच ब्रांड्स ही खरीदते हैं. लेकिन पैरिस ने पार्लक्स (Parlux) नाम की कंपनी के साथ हाथ मिलाया. उन्होंने परफ्यूम की खुशबू से लेकर उसकी बॉटल के डिजाइन तक खुद तय की.

जब उस परफ्यूम को लॉन्च करने का दिन आया, तो नजारा किसी बड़े कॉन्सर्ट जैसा था. लॉस एंजिल्स के एक मशहूर मॉल में पैरिस अपने परफ्यूम के प्रमोशन के लिए पहुंचने वाली थीं. वहां की सिक्योरिटी को लगा था कि कुछ सौ लोग आएंगे, लेकिन वहां करीब 3,000 से ज्यादा फैंस की भीड़ जमा हो गई. पुलिस को बुलाना पड़ा और मॉल के दरवाजे बंद करने पड़े. लोग सिर्फ परफ्यूम खरीदने नहीं, बल्कि उस पैरिस हिल्टन लाइफस्टाइल का हिस्सा बनने आए थे.

पहले ही दिन हिट हो गया प्रोडक्ट

उस एक दिन की सफलता ऐसी थी कि बिजनेस जगत में शोर मच गया. पैरिस का वो पहला परफ्यूम उम्मीद से 10 गुना ज्यादा बिका. पहले ही साल में करोड़ों डॉलर का बिजनेस किया. जो एक्सपर्ट्स कह रहे थे कि ये परफ्यूम फ्लॉप हो जाएगा, वो अब पैरिस के पास नए आइडियाज लेकर लाइन लगाकर खड़े थे. पैरिस को समझ आ गई थी कि उनका चेहरा, उनका बात करने का अंदाज और उनका द सिंपल लाइफ शो वाला जादू एक ऐसी ताकत है, जिसे अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो वो अरबों का बिजनेस खड़ा कर सकता है. उन्होंने महसूस किया कि वो अब सिर्फ एक होटल मालिक की पोती नहीं रहीं, बल्कि वो खुद एक ऐसी मनी मेकिंग मशीन बन चुकी हैं, जो मिट्टी को भी छुए तो वो सोना बन जाए.

इसके बाद पैरिस हिल्टन को एक रियलिटी स्टार से हटाकर एक सीरियस बिजनेसवुमन की कैटेगरी में गिना जाने लगा. फिर उन्होंने एक के बाद एक 29 से ज्यादा परफ्यूम लॉन्च किए, जो आज 3 अरब डॉलर से ज्यादा की सेल्स कर चुके हैं.

आज 50 से ज्यादा स्टोर

ग्रोथ का ये सफर हालांकि इतना आसान नहीं था. बिजनेस की दुनिया में मर्दों का बोलबाला था और कोई भी गुलाबी कपड़े पहनने वाली लड़की को गंभीरता से लेने को तैयार नहीं था. लेकिन पैरिस लगातार चलती रहीं. उन्होंने अपनी एक अलग कंपनी बनाई, जिसका नाम रखा पैरिस हिल्टन एंटरटेनमेंट (Paris Hilton Entertainment) . आज उनके पास 50 से ज्यादा स्टोर हैं और उनके परफ्यूम बिजनेस ने करीब 3 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई की है. उन्होंने साबित कर दिया कि बिजनेस करने के लिए सिर्फ सूट-बूट पहनना जरूरी नहीं है, बल्कि मार्केट की नब्ज पकड़ना जरूरी है.

पैरिस ने सिर्फ सामान ही नहीं बेचा, उन्होंने खुद को एक डिजिटल एसेट में बदल लिया. जब डीजे बनने का दौर आया, तो उन्होंने इस फील्ड में भी कदम रखा. लोग फिर से हंसने लगे कि एक अमीर लड़की क्या डीजे बनेगी? लेकिन जब उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े क्लबों में परफॉर्म करना शुरू किया, तो वो एक रात के करोड़ों रुपये चार्ज करने लगीं. उन्होंने अपनी हर कमजोरी को अपनी ताकत बनाया. लोग उन्हें बेवकूफ समझते थे, लेकिन उन्होंने इसी छवि का इस्तेमाल करके अपना साम्राज्य खड़ा किया. वो अक्सर कहती हैं कि “मैं बेवकूफ होने का नाटक करती हूं, क्योंकि ये लोगों को कंफर्टेबल कर देता है, और फिर मैं अपना काम निकाल लेती हूं.”

आज के समय में पैरिस हिल्टन की कुल संपत्ति 300 मिलियन डॉलर (करीब 2500 करोड़ रुपये) से ज्यादा है. ये वो पैसा है जो उन्होंने अपने दिमाग और मेहनत से कमाया है, न कि अपने दादा से विरासत में पाया है. वो आज एक सफल बिजनेसवूमेन हैं, एक मां हैं और उन लोगों के लिए प्रेरणा हैं जिन्हें लगता है कि सहारा छिन जाने के बाद जिंदगी खत्म हो जाती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *