Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कैलाशपुरी क्षेत्र में रहने वाली महिला उद्यमी वंदना ठक्कर आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. करीब 15 साल पहले घर की रसोई से शुरू हुआ होममेड नमकीन का उनका छोटा-सा प्रयास आज रायपुर से निकलकर महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई बड़े शहरों तक पहुंच चुका है.
कई शहरों से आ रहे नियमित ऑर्डर
वंदना ठक्कर बताती हैं कि उनके उत्पादों की मांग अब सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं रही. अमरावती, अकोला, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर जैसे शहरों से नियमित ऑर्डर मिल रहे हैं. यही वजह है कि उनका काम लगातार बढ़ता जा रहा है.
स्वच्छता और क्वालिटी बनी सबसे बड़ी पहचान
वंदना के अनुसार, उनके सभी फूड प्रोडक्ट पूरी तरह हाइजीनिक माहौल में तैयार किए जाते हैं. साफ-सफाई और क्वालिटी पर कोई समझौता नहीं किया जाता. इसी भरोसे के चलते रायपुर की कई नामी दुकानों में उनके बनाए नमकीन की सप्लाई हो रही है. वे अलग-अलग वैरायटी की नमकीन बनाती हैं, ताकि हर उम्र के लोगों की पसंद पूरी हो सके.
ठंड में लड्डुओं की जबरदस्त डिमांड
ठंड के मौसम में उनके बनाए लड्डुओं की खास डिमांड देखने को मिल रही है. मुर्रा लड्डू, करी लड्डू और तिल लड्डू जैसे पारंपरिक स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. ये स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी बेहतर माने जा रहे हैं.
युवाओं के लिए नए जमाने के स्नैक्स
पारंपरिक आइटम के साथ-साथ वंदना ने युवाओं की पसंद को भी ध्यान में रखा है. होममेड कुरकुरे, बिंगो स्टाइल स्नैक्स और पेरी-पेरी फ्लेवर वाले आइटम खासतौर पर युवा वर्ग में काफी लोकप्रिय हो रहे हैं.
10 लोगों को मिला रोजगार, बेटियां बनीं सहारा
उनके सभी उत्पाद घर पर ही तैयार होते हैं, जहां करीब 10 लोगों को रोजगार मिला हुआ है. खास बात यह है कि इस पूरे बिजनेस में उनकी बेटियां राधा और भक्ति भी हर कदम पर अपनी मां का साथ दे रही हैं.
स्वदेशी मेले में कुरकुरे की रिकॉर्ड बिक्री
इन दिनों रायपुर में लगे स्वदेशी मेले में उनके होममेड कुरकुरे की जबरदस्त बिक्री हो रही है. 200 ग्राम कुरकुरे की कीमत 100 रुपये रखी गई है और अब तक करीब 100 किलो कुरकुरे बिक चुके हैं. किटी पार्टी, आउटडोर कैटरिंग और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी उनके प्रोडक्ट बल्क में मंगवाए जा रहे हैं.
टेस्टिंग से जीता ग्राहकों का भरोसा
ग्राहकों को क्वालिटी का भरोसा दिलाने के लिए स्टॉल पर टेस्टिंग की सुविधा भी दी गई है. अब तक 50 से 60 किलो नमकीन सिर्फ टेस्टिंग में ही लोगों को चखाई जा चुकी है, जिसके बाद ग्राहक बिना झिझक खरीदारी कर रहे हैं.
महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी कहानी
वंदना ठक्कर की यह कहानी उन महिलाओं के लिए मिसाल है, जो घर से कुछ नया शुरू करना चाहती हैं. यह साबित करता है कि मेहनत, गुणवत्ता और ईमानदारी के दम पर घर का छोटा कारोबार भी बड़ा ब्रांड बन सकता है.
ऑर्डर के लिए संपर्क:
7000830204, 7898880844
.