दतिया शहर में न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक मकान से करीब 17 लाख कीमत के सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घर में काम करने वाली महिला पर संदेह जताया है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना अंतर्गत न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सुधीर सिकरवार ने शिकायत दर्ज कराई है। जिस में उसने बताया वह दिल्ली में रहकर आईटी कंपनी का संचालन करते हैं और बीते दो महीनों से वे दतिया में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। इस दौरान उन्होंने घर के कामकाज के लिए एक महिला को रखा था। 1 फरवरी को पत्नी और बच्चे दिल्ली चले गए थे, जबकि 7 फरवरी को सुधीर अपनी मां को इलाज के लिए ग्वालियर लेकर गए थे। उस समय घर की देखरेख के लिए वही महिला मौजूद थी। 10 फरवरी की सुबह जब सुधीर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे, तब उन्होंने अलमारी में रखे सोने के जेवरात गायब पाए। चोरी हुए जेवरों में सोने की अंगूठियां, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, टॉप्स और कान की चेन शामिल हैं, जिनका कुल वजन करीब 100 ग्राम से अधिक बताया गया है। जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपए है। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जब उन्होंने घर में काम करने वाली महिला से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल बंद मिला और वह कई दिनों से काम पर भी नहीं आई थी। इसी आधार पर उस पर संदेह जताया गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी टीआई धीरेन्द्र मिश्रा का कहना है कि, जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। .