- Hindi News
- Business
- Gold Rate Today (31 October 2025); Sona Chandi Ka Bhav Aaj Ka Kya Hai | Gold Price
नई दिल्ली32 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोने चांदी के दाम में आज यानी शुक्रवार, 31 अक्टूबर को तेजी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम सोने की कीमत 1,196 रुपए बढ़कर 1,20,815 रुपए हो गई है। कल यानी गुरुवार को सोने का दाम 1,19,619 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इसी महीने 17 अक्टूबर को सोने ने 1,30,874 रुपए का ऑलटाइम हाई बनाया था। तब से इसका भाव 10,059 रुपए गिर चुका है।
वहीं, चांदी 2,359 रुपए बढ़कर 1,49,142 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। 30 अक्टूबर को इसकी कीमत 1,46,783 प्रति किलोग्राम थी। इसी महीने चांदी 1,78,100 रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। तब से इसकी कीमत 28,958 रुपए कम हो चुकी है।

IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
इस साल सोना ₹44,653 और चांदी ₹63,125 महंगी हुई
- इस साल अब तक सोने की कीमत 44,653 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,20,815 रुपए हो गया है।
- चांदी का भाव भी इस दौरान 63,125 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,49,142 रुपए प्रति किलो हो गई है।
बाजार में तेजी- गिरावट- तेजी के 4 बड़े कारण
दिवाली से पहले सोने-चांदी के भाव अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए थे। लेकिन दिवाली के बाद से दोनों की कीमतें- सोना 10 हजार रुपए और चांदी 29 हजार रुपए कम हो चुकी हैं।
- मुनाफावसूली : सोने और चांदी की कीमतों में बीते महीनों में तेज उछाल आया था। अब कई निवेशक मुनाफा निकालने (प्रॉफिट बुकिंग) के लिए बेच रहे हैं, जिससे कीमतों पर असर पर रहा है।
- सेफ-हेवन की मांग घटी: अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड टेंशन कम होते देख निवेशक अब सोना-चांदी जैसी सुरक्षित एसेट से पैसा निकालकर शेयर बाजार और दूसरे हाई रिटर्न वाले जगह पर निवेश कर रहे हैं।
- डॉलर की मजबूती: अमेरिकी कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों के चलते और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की संभावना से डॉलर मजबूत हुआ है। इससे सोना और चांदी अन्य करेंसी में महंगे हो जाते हैं, जिससे ग्लोबल डिमांड घटती है।
- इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी: इंडस्ट्रीज में खासकर चांदी की मांग कम हुई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सोलर सेक्टर से कमजोर ऑर्डर आने के कारण चांदी की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

——————————————————————-
बिजनेस से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
गूगल का रेवेन्यू पहली बार ₹9 लाख करोड़ पार: पहला ऑफिस गैराज में था, राम श्रीराम शुरुआती निवेशक; आज 3 ट्रिलियन की कंपनी

गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट ने सितंबर 2025 तिमाही में पहली बार 100 बिलियन डॉलर (करीब ₹9.06 लाख करोड़) का रेवेन्यू हासिल किया है।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
.