नई दिल्ली15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोने-चांदी के दाम में लगातार तेजी के बाद अब गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, आज (24 अक्टूबर) सोने की कीमत में 935 रुपए की गिरावट देखी जा रही है। ये 1,22,419 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है।
इससे पहले 23 अक्टूबर को इसकी कीमत 1,23,354 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, चांदी की कीमत में 3,700 रुपए की गिरावट है, ये 1,47,750 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रही है। कल इसकी कीमत ₹1,51,450 प्रति किलोग्राम थी।
सोने-चांदी की कीमत में लगातार गिरावट
सोने की कीमत 17 अक्टूबर को 1,30,874 रुपए प्रति 10 ग्राम के अपने सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गई थी। इसी दिन इसकी कीमत 1,290 रुपए गिरकर 1,29,584 आ गई थी। तब से ये 8,455 सस्ता हो गया है। वहीं, चांदी कीमत ने 14 अक्टूबर को 1,78,100 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था, तब से ये 30,350 रुपए सस्ता हो गया है।

सोना-चांदी के दाम में हाल ही में आई गिरावट के कारण
- भारत में सीजनल बाइंग का खत्म होना: दीवाली जैसे फेस्टिवल के बाद इंडिया में सोने-चांदी की खरीदारी का सिलसिला थम गया। इससे सोना-चांदी की डिमांड में कमी आई है।
- अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन में ढील: सोना-चांदी को ‘सेफ-हेवन’ माना जाता है, यानी मुश्किल वक्त में लोग इन्हें खरीदते हैं। लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के शी जिनपिंग के बीच अगले हफ्ते मीटिंग होने वाली है। इससे ट्रेड वॉर की चिंता कम हुई है।
- प्रॉफिट-टेकिंग और ओवरबॉट सिग्नल: रैली के बाद निवेशक प्रॉफिट बुक कर रहे हैं। टेक्निकल इंडिकेटर्स जैसे रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) दिखा रहे थे कि कीमतें ओवरबॉट जोन में पहुंच चुकी थीं। इसलिए ट्रेंड फॉलोअर्स और डीलर्स ने बिकवाली शुरू कर दी है।
इस साल सोना ₹46,257 और चांदी ₹61,733 महंगी हुई
इस साल अब तक सोने की कीमत 46,257 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,23,354 रुपए हो गया है।
चांदी का भाव भी इस दौरान 61,733 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,51,450 रुपए प्रति किलो हो गई है।

अभी सोने में निवेश का सही समय नहीं
केडिया एडवाइजरी डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार सोना इस साल करीब 60% बढ़ चुका है, ऐसे में आगे शॉर्ट टर्म में तेजी की उम्मीद कम है। लोग मुनाफा वसूली कर सकते हैं। हालांकि इसमें लॉन्ग टर्म के लिए निवेश फायदा दे सकता है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

.