अयोध्या महोत्सव 2025 का शुभारंभ शुक्रवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया।
इंदौर के गांधी हॉल में 11 और 12 अक्टूबर को अयोध्या महोत्सव फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘अयोध्या महोत्सव 2025’ में राम राज्य की झलक दिखाई जाएगी। महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया।
.
इस दौरान विजयवर्गीय ने कहा कि यह अद्भुत धनुष श्रद्धा और साधना का ऐसा प्रतीक है, जिसमें 1,008 रामनाम पुस्तकों का समन्वय किया गया है। प्रत्येक पुस्तक में 1008 बार प्रभु श्रीराम नाम अंकित है। यह अनन्य भक्ति, अखंड जप और निरंतर आराधना का संगम है। यह महोत्सव हमारी सनातन संस्कृति के आदर्शों, भक्ति, मर्यादा और एकता का सजीव संदेश है।
अयोध्या महोत्सव 2025 का मुख्य आकर्षण दुनिया का सबसे ऊंचा 51 फीट का धनुष है। जिसका वजन 1.5 टन है और इसमें 1,088 राम नाम पुस्तकों का समावेश किया गया है। हर पुस्तक में 1008 बार ‘राम नाम’ लिखा गया है, जिसे भक्तों में वितरित किया जाएगा।
यह धनुष विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक प्रतीक बनेगा। गांधी हॉल परिसर को ‘अयोध्या नगरी’ के रूप में सजाया गया है, यहां रामायण के सातों कांडों की जीवंत झलकियां, नृत्य, नाटक और झांकियों के रूप में प्रस्तुत की जाएगी। वहीं कार्यक्रम में प्रत्येक शाम सूर्यास्त के बाद श्रीराम महाआरती, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
अयोध्या बाजार में रामभक्ति और संस्कृति का महोत्सव
‘अयोध्या बाजार’ में पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, परिधान और राम नाम पुस्तकों की प्रदर्शनी लगेगी। साथ ही कविता, नृत्य, रंगोली, पूजा थाली, बेबी शूट और दिवाली रील मेकिंग प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और मर्यादा का संदेश देने वाला महोत्सव होगा, जो भगवान राम के आदर्शों को आधुनिक समाज में जीवंत करने का प्रयास करेगा।
.