मंदसौर शहर के श्रीनाथ विहार क्षेत्र से रविवार रात एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 25 वर्षीय काजल नामक युवती ने अपने ही घर में फांसी का फंदा बनाकर लटक गई। परिजनों ने युवती को फंदे पर लटका देख उसे तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 25 वर्षीय काजल पिता ओमप्रकाश खींची श्रीनाथ विहार में अपने परिवार के साथ रहती थी। घटना के समय घर के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। इसी दौरान काजल घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गई और जीवन लीला समाप्त कर ली। कुर्सी और स्टूल की मदद से लगाई फांसी युवती ने पहले कमरे में कुर्सी रखी, उसके ऊपर स्टूल लगाया और फिर फांसी के फंदे पर झूल गई। कुछ समय बाद परिजनों को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कुछ महीने पहले टूटा था रिश्ता विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार काजल का रिश्ता पहले तय हो चुका था और जिस युवक से उसका संबंध तय हुआ था वह सेना में पदस्थ है लेकिन पारिवारिक कारणों के चलते कुछ महीने पहले यह रिश्ता टूट गया था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। कमरे से डायरी मिली, पुलिस ने जब्त की सूत्रों के अनुसार पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो मृतका के कमरे से एक डायरी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि युवती उसमें अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी बातें लिखा करती थी। हालांकि आत्महत्या से पहले उसने उसमें क्या लिखा है, इस संबंध में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने डायरी को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। .