Last Updated:
Ginger Halwa Recipe for Winter Immunity: सर्दियों में सर्दी-जुकाम से बचने के लिए अदरक का हलवा एक बेहतरीन औषधीय विकल्प है. अदरक के एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण इम्युनिटी बढ़ाते हैं. इसे दूध, घी, गुड़ और अदरक के पेस्ट से आसानी से घर पर बनाया जा सकता है.
सर्दियों का मौसम आते ही हमारे खानपान में बहुत सारे बदलाव नजर आने लगते हैं. सर्दियों के दिनों में शरीर को गर्म रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली खाने की चीजें कुछ लोग खास तौर पर खाना पसंद करते हैं. इन्हीं में हलवा भी शामिल है. सर्दियों में गाजर का हलवा और मूंगदाल का हलवा तो लगभग हर घर में बनाया जाता है. लेकिन अदरक का हलवा सर्दियों के मौसम का एक ऐसा पारंपरिक और औषधीय व्यंजन है, जिसे सेहत के लिए बेहद स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है. ठंड के मौसम में सर्द हवाओं के कारण अक्सर लोगों को सर्दी, खांसी और जुकाम की समस्या आम हो जाती है, जिसमें यह हलवा बेहद असरदार है.

सर्दी के मौसम में बनने वाला खास अदरक का हलवा हमारे शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है और कई बीमारियों से हमारा बचाव भी करता है. अदरक में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण शरीर की सूजन को कम करने के साथ-साथ इम्युनिटी को भी मजबूत बनाते हैं. यही वजह है कि हमारी दादी-नानी के नुस्खों में अदरक का खास स्थान रहा है. वे छोटे बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए अक्सर अदरक का हलवा खाने की सलाह देती थीं. अदरक का हलवा न सिर्फ सेहत के लिए लाभकारी है, बल्कि इसका स्वाद भी लाजवाब होता है.

अदरक के हलवे को हम घर पर भी आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले भगोनी को गैस पर रखें और इसमें लगभग 1 लीटर दूध डालें. धीमी आंच पर इस दूध को तब तक चलाते रहें जब तक यह उबलकर आधा न हो जाए. इसके बाद लगभग 200 ग्राम अदरक को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. अब 1–2 चम्मच पानी डालकर मिक्सर में इसका बारीक पेस्ट बना लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अब एक भगोनी में करीब 100 ग्राम देसी घी गर्म करें और उसमें 2–3 चम्मच आटा डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भून लें. अब तैयार किए हुए दूध में अदरक का पेस्ट डालें और इसे तब तक पकाएं जब तक मिश्रण गाढ़ा न हो जाए. जब यह मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तब इसमें भुना हुआ आटा मिला दें.

इसके बाद इसमें करीब 300 ग्राम चीनी या गुड़ और घी डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए तब तक भूनें, जब तक हलवा घी न छोड़ दे. अंत में पिसी हुई इलायची डालकर खुशबू और स्वाद बढ़ाएं. सर्दी के मौसम में अगर आप कुछ स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक बनाना चाहते हैं, तो अदरक का हलवा जरूर बनाएं. यह न सिर्फ ठंड से बचाव करता है बल्कि आपको स्वस्थ भी बनाए रखेगा और पूरे परिवार को पसंद भी आएगा.
.