बोरिंग नाश्ते से छुटकारा पाएं, बच्चों के टिफिन से लेकर चाय के साथ स्नैक तक, मटर टोस्ट है हर वक्त की परफेक्ट डिश

Matar Toast Recipe: सुबह का समय अकसर जल्दी-जल्दी में निकल जाता है. ऑफिस जाना हो, बच्चों को स्कूल भेजना हो या घर के बाकी काम निपटाने हों, ऐसे में नाश्ते के लिए ज्यादा देर रुकना मुश्किल हो जाता है, लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं कि हर दिन बोरिंग या अनहेल्दी नाश्ता ही किया जाए, अगर आप चाहते हैं कि नाश्ता झटपट बने, पेट भी भरे और स्वाद में भी कमाल हो, तो मटर टोस्ट एक बढ़िया ऑप्शन है. मटर टोस्ट देखने में जितना सिंपल लगता है, स्वाद में उतना ही जबरदस्त होता है. इसमें हरी मटर की ताजगी, पनीर की क्रीमीनेस और ब्रेड की क्रिस्पी टेक्सचर मिलकर ऐसा कॉम्बिनेशन बनाते हैं जिसे बच्चे हों या बड़े, हर कोई पसंद करता है. खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती और न ही ज्यादा सामान लगता है, अगर घर में अचानक मेहमान आ जाएं या बच्चों को कुछ अलग खाने का मन हो, तब भी मटर टोस्ट आपकी परेशानी कम कर सकता है.

ये सिर्फ नाश्ते तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शाम की चाय के साथ भी परफेक्ट लगता है. पौष्टिक होने की वजह से यह एनर्जी भी देता है और पेट देर तक भरा हुआ महसूस करता है. चलिए अब जानते हैं मटर टोस्ट बनाने का आसान और फुलप्रूफ तरीका.

मटर टोस्ट बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी
-हरी मटर – 1 कप
-कद्दूकस किया पनीर – 1 कप
-मक्खन – 1 बड़ा चम्मच
-प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
-हरी धनिया – 3 बड़े चम्मच (कटी हुई)
-चाट मसाला – 1 छोटा चम्मच
-नमक – स्वाद के अनुसार
-ब्रेड स्लाइस – 10 से 12

चाहें तो इसमें थोड़ी काली मिर्च या लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं.

मटर टोस्ट कैसे बनाएं -स्टेप बाय स्टेप तरीका
1. मटर टोस्ट बनाना बहुत आसान है और इसमें ज्यादा समय नहीं लगता. सबसे पहले एक कड़ाही गैस पर रखें और उसमें मक्खन डालें. मक्खन पिघलते ही उसमें बारीक कटा प्याज डाल दें. प्याज को हल्का गुलाबी होने तक भूनें, ज्यादा ब्राउन न करें वरना स्वाद बदल सकता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

2. अब इसमें हरी मटर डालें और मध्यम आंच पर 2 से 3 मिनट तक चलाते हुए पकाएं. मटर ज्यादा गलानी नहीं है, बस हल्की नरम हो जाएं इतना काफी है. इसके बाद कद्दूकस किया पनीर डालें और अच्छे से मिलाएं. पनीर डालते ही आंच थोड़ी धीमी कर दें ताकि मिश्रण सूखे नहीं.

3. अब इसमें चाट मसाला और नमक डालकर 1 से 2 मिनट और पकाएं. गैस बंद कर दें और ऊपर से कटी धनिया डालकर मिक्स करें. मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें ताकि ब्रेड पर फैलाते समय वह टूटे नहीं.

4. अब ब्रेड स्लाइस लें और एक स्लाइस पर मटर-पनीर का मिश्रण अच्छे से फैलाएं. ऊपर से दूसरी ब्रेड स्लाइस रखें. ऐसे ही सभी टोस्ट तैयार कर लें. अब टोस्टर या तवे पर हल्का मक्खन लगाकर टोस्ट को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेक लें.

गरम-गरम मटर टोस्ट को हरी चटनी या टमाटर केचप के साथ परोसें.

मटर टोस्ट को और ज्यादा टेस्टी बनाने के टिप्स
-अगर टोस्ट ज्यादा क्रिस्पी चाहिए तो ब्रेड के बाहर हल्का मक्खन जरूर लगाएं
-बच्चों के लिए बनाते समय मसाले कम रखें
-हेल्दी ऑप्शन के लिए ब्राउन ब्रेड का इस्तेमाल कर सकते हैं
-बिना टोस्टर के तवे पर भी ये आसानी से बन जाता है

मटर टोस्ट क्यों है एक बढ़िया नाश्ता
मटर टोस्ट में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फाइबर तीनों का अच्छा बैलेंस मिलता है. मटर और पनीर शरीर को एनर्जी देते हैं और लंबे समय तक भूख नहीं लगने देते. यही वजह है कि ये नाश्ते के लिए एक स्मार्ट चॉइस मानी जाती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *