दलौदा कृषि मंडी से लहसुन चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, 75 किलो लहसुन बरामद, तफ्तीश जारी – Mandsaur News


मंदसौर जिले की दलौदा थाना पुलिस ने कृषि उपज मंडी से हुई लहसुन चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने रविवार को इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 75 किलोग्राम चोरी का लहसुन बरामद किया है। यह घटना 28 फरवरी 2026 को सामने आई थी, जब दलौदा कृषि उपज मंडी के चौकीदार तूफानसिंह राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दो व्यक्ति मंडी परिसर से लहसुन के कट्टे चुराकर फरार हो गए थे। फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर दलौदा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दलौदा पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। विवेचना के दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इस सूचना पर रविवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ईदगाह के सामने एलची रोड पर दबिश दी और वहां से दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राधेश्याम उर्फ राजेश पिता प्रेमचंद (निवासी भदवासा, थाना नामली, जिला रतलाम, हाल मुकाम एलची) और भानुप्रतापसिंह उर्फ राहुल पिता शंकर लौहार (निवासी कालुखेड़ा, जिला रतलाम) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दलौदा कृषि मंडी से चोरी किए गए लहसुन के कट्टे जब्त किए, जिनका कुल वजन लगभग 75 किलोग्राम है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल तो नहीं है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *