Last Updated:
Gardning Tips: बरसात के मौसम में खासकर पीले गुलाब की हाइब्रिड किस्म को आसानी से लगाया जा सकता है. इसके लिए नर्सरी से पौधा लेना बेहतर रहता है. एक्सपर्ट की कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
रायपुर : होम गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोगों के लिए बरसाती सीजन एक बेहतरीन मौका है, खासकर तब जब वे अपने बगीचे को रंग-बिरंगे फूलों से सजाना चाहते हैं. राजधानी रायपुर के गार्डनिंग एक्सपर्ट दादू ने बताया कि अधिकतर लोग अपने गार्डन में चार प्रमुख वैरायटी के गुलाब लगाना पसंद करते हैं हाइब्रिड गुलाब, देसी गुलाब, कश्मीरी गुलाब और बटन गुलाब. इन सबमें पीला गुलाब दोस्ती का प्रतीक माना जाता है और इसकी खूबसूरती किसी भी गार्डन की शोभा बढ़ा देती है.
पौधे को चार उंगली तक मिट्टी में दबाकर लगाएं
गार्डनिंग एक्सपर्ट दादू ने बताया कि बरसात के मौसम में खासकर पीले गुलाब की हाइब्रिड किस्म को आसानी से लगाया जा सकता है. इसके लिए नर्सरी से पौधा लेना बेहतर रहता है. पौधे को गमले या गार्डन में लगाते समय सबसे पहले उसके पॉलीथिन को फाड़कर निकाल दें और फिर पौधे को चार उंगली तक मिट्टी में दबाकर लगाएं. उन्होंने जोर देकर कहा कि पौधा लगाते समय उसकी जड़ से बंधी मिट्टी को बिल्कुल भी न हटाएं, क्योंकि यदि यह मिट्टी खुल जाती है तो पौधा जड़ पकड़ने में समय लेता है और अक्सर सूख भी जाता है.
नियमित कटिंग बेहद जरूरी
पौधे की देखभाल को लेकर होम गार्डनिंग एक्सपर्ट दादू ने कहा कि गुलाब का पौधा जल्दी बढ़े और उसमें फूल जल्दी आए, इसके लिए नियमित कटिंग बेहद जरूरी है. यदि कटिंग नहीं की जाती तो पौधा बढ़ता तो है लेकिन फूल आने में काफी समय लगता है. कटिंग हमेशा सीधी न करके तिरछी करनी चाहिए, इससे नई टहनियां जल्दी निकलती हैं और पौधा तेजी से बढ़ता है.
खाद डालने के बारे में उन्होंने बताया कि कटिंग करने के बाद गोबर खाद डालना सबसे अच्छा विकल्प है. अगर गोबर खाद उपलब्ध नहीं है तो नीम खली, सरसों खली, डीएपी और पोटाश की मिक्स खाद डाल सकते हैं. यह पौधे को पोषण देने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता भी बढ़ाता है.
पानी देने को लेकर दादू ने कहा कि पीले गुलाब को भरपूर पानी की जरूरत होती है. जितना ज्यादा पानी देंगे उतना पौधे के लिए फायदेमंद होगा. गमले में लगे पौधों को भी नियमित पानी देना चाहिए ताकि मिट्टी नमी बनाए रखे और जड़ें मजबूती से विकसित हों.
बरसाती मौसम में पीले गुलाब का पौधा गार्डन की खूबसूरती तो बढ़ाता ही है, साथ ही घर के वातावरण को भी ताजगी और पॉजिटिविटी से भर देता है. एक्सपर्ट्स की मानें तो यदि सही तकनीक और नियमित देखभाल के साथ पीले गुलाब को लगाया जाए तो यह लंबे समय तक लगातार खिलता रहता है और घर की शोभा बढ़ाता है. आप भी अपने गार्डन में पीले गुलाब की सुंदरता और दोस्ती का रंग जोड़ना चाहते हैं, तो बरसात का यह मौसम आपके लिए सबसे सही समय है
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।
.