Last Updated:
Basil Plant Care Tips: घर में तुलसी का पौधा धार्मिक रूप से जरूरी होने के साथ वास्तुशास्त्र के नजरिये से भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. तुलसी के पौधे को पूजनीय माने जाने के साथ घर को पॉजिटिव एनर्जी देने वाला पौधा माना जाता है. अगर घर के आंगन में ये पौधा सूखने लगे, तो इसे धार्मिक रूप से संकट का कारण माना जाता है. तुलसी का पौधा अधिकांश ज्यादा सर्दी की वजह से सूखने लगता है. कॉफी पाउडर, पानी और एप्सम सॉल्ट से बना घर का फर्टिलाइजर पौधे को तेजी से पोषण देता है.
सिरोही के गार्डनिंग एक्सपर्ट मोहनलाल डांगी ने बताया कि सर्दियों में तुलसी के पौधे का खास ख्याल रखना होता है. अगर पौधा सूखने लगे, एक आसान टिप को इस्तेमाल कर पौधे में वापस पोषण बढ़ाया जा सकता है. कॉफी पाउडर को आधा लीटर पानी में और आधा चम्मच एप्सम सॉल्ट में अच्छी तरह मिलाकर अच्छा फर्टिलाइजर बनाया जा सकता है.

इस फर्टिलाइजर का उपयोग करने से पहले तुलसी के गमले की मिट्टी को हल्का ऊपर नीचे कर फर्टिलाइजर को पौधे में डालें. इससे पौधे को पोषक तत्व जल्दी मिलेंगे. कई बार पौधे में मैग्नीशियम की कमी के कारण पौधे सूखने लगते है. एप्सम सॉल्ट में मैग्नीशियम होने से ये पत्तों को वापस हरा भरा बना देता है.

इस फर्टिलाइजर का उपयोग दो महीने में एक बार कर सकते है. इसके अलावा वर्मीकंपोस्ट का उपयोग भी फर्टिलाइजर की तरह कर सकते है. कई बार सर्दियों में तुलसी का पौधा बहुत ज्यादा ठंड सहन नहीं कर पाता है. ऐसे में पौधे को शेड में या पौधे पर रात में चुनरी ओढ़ा देनी चाहिए.

शेड या कवर में पौधे को रखने से पौधे पर ओस की बूंदे जमा नहीं होती है. साथ ही पौधा सीधी ठंडी हवा से भी बचता है. जिससे पौधा सूखने से बच जाता है. दिन में पौधे को वापस खुली जगह में रखना जरूरी है ताकि पौधे को पर्याप्त धूप मिल सके.

तुलसी के पौधे के सूखने की एक वजह उसे ज्यादा पानी देना भी हो सकती है. सर्दियों में पौधे को जरूरत होने पर ही पानी देना चाहिए. ज्यादा पानी की वजह से पौधे की जड़ें कमजोर होकर गलने लगती हैं. जिसके कारण पौधा सूखने लगता है. ऐसे में जब पौधे की मिट्टी सूखने लगे तभी पौधे को पानी देना चाहिए.
.