Last Updated:
Gardening Tips: आप भी आसान उपायों को अपनाकर घर पर ही अपने गमले में ताजी, स्वस्थ और रासायनिक-मुक्त फूलगोभी उगा सकते हैं. समय-समय पर देखभाल करें और ताजगी का पूरा लाभ उठाएं. (रिपोर्ट:सावन पाटिल/खंडवा)
अगर आप भी बाजार से खरीदी हुई रासायनिक फूलगोभी से परेशान हैं, तो इसका सरल और कारगर समाधान आपके अपने घर में मौजूद है. आप आसानी से अपने गमले या बगीचे में जैविक तरीके से फूलगोभी उगा सकते हैं. इससे न केवल आपका स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा, बल्कि ताजगी और स्वाद का भी पूरा मजा मिलेगा. आइए जानते हैं घर पर फूलगोभी उगाने के कुछ आसान तरीके.

फूलगोभी उगाने के लिए सबसे पहले उपयुक्त गमला चुनना जरूरी है. बड़े आकार का प्लास्टिक या मिट्टी का गमला लें, जिसकी गहराई कम से कम 12 से 15 इंच हो. गमले में पानी निकासी के लिए छोटे-छोटे छेद जरूर बनवाएं ताकि पानी जमे नहीं और पौधा सड़ने से बचे.

फूलगोभी के लिए अच्छी मिट्टी जरूरी है. गमले में उपयोग के लिए दो भाग उपजाऊ गार्डन मिट्टी और एक भाग गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिलाएं. अगर उपलब्ध हो तो पर्लाइट या वर्मी कंपोस्ट भी मिलाएं. यह मिश्रण फूलगोभी के लिए पोषक तत्वों से भरपूर रहेगा और पौधा स्वस्थ तरीके से बढ़ेगा.

फूलगोभी उगाने का सबसे अच्छा समय सर्दी का मौसम होता है. अक्टूबर से फरवरी के बीच में बीज बोने पर बेहतरीन परिणाम मिलते हैं. आप अच्छे क्वालिटी के फूलगोभी के बीज अपने नजदीकी कृषि केंद्र या ऑनलाइन स्टोर से खरीद सकते हैं.

गमले की मिट्टी को हल्का नम करें. फिर करीब दो सेंटीमीटर गहराई में बीज बो दें. बीजों के बीच में कम से कम 6 से 8 इंच की दूरी रखें ताकि पौधों को पर्याप्त जगह मिले. बीज बोने के बाद हल्का सा पानी छिड़कें ताकि मिट्टी अच्छी तरह से बीज को ढक ले. ध्यान रखें कि ज्यादा पानी न डालें, अन्यथा बीज सड़ सकते हैं.

फूलगोभी को अच्छी वृद्धि के लिए प्रतिदिन कम से कम 5 से 6 घंटे धूप की जरूरत होती है. गमले को ऐसे स्थान पर रखें जहाँ सुबह या शाम की मध्यम धूप मिलती हो. पानी देने में भी संतुलन बनाएं, सप्ताह में 3 से 4 बार हल्के पानी से सिंचाई करें, लेकिन मिट्टी गीली न रहे. ध्यान दें, ज़्यादा पानी देने से पौधा खराब हो सकता है.

फूलगोभी के पौधों को समय-समय पर नियमित रूप से जांचें. मुरझाए पत्ते तो हटा दें ताकि पौधा नए पत्तों पर ऊर्जा केंद्रित कर सके. इसके साथ ही पौधे के चारों ओर खरपतवार नहीं बढ़ने दें, ताकि पौधा स्वस्थ रूप से बढ़े.

लगभग 70 से 90 दिनों में आपकी फूलगोभी तैयार हो जाती है. जब फूलगोभी के सिर का आकार लगभग 15 से 20 सेंटीमीटर तक पहुंच जाए और वह सख्त हो जाए, तो उसे धीरे-धीरे काट लें. कटाई के बाद फूलगोभी को तुरंत उपयोग करें या फ्रिज में स्टोर करके कुछ दिनों तक रखा जा सकता है.
.