रतलाम शहर के नेहरू स्टेडियम (पोलो ग्राउंड) में 3 फरवरी से ‘रतलाम ट्रॉफी 2026’ रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। 12 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में शहर की 32 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का समापन 14 फरवरी को होगा। सभी मैच रात में दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपए और उपविजेता (द्वितीय पुरस्कार) को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी झड़ी रहेगी। मैन ऑफ द सीरीज रहने वाले खिलाड़ी को इलेक्ट्रिक स्कूटर दिया जाएगा। वहीं, प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच को कूलर और फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच को फ्रिज पुरस्कार में मिलेगा। इसके अलावा बेस्ट बॉलर, बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट फील्डर को भी पुरस्कृत किया जाएगा। दर्शक ने कैच लपका तो मिलेगा इनाम प्रतियोगिता का यह 10वां वर्ष है। इस बार दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण रखा गया है। मैच के दौरान अगर कोई दर्शक दीर्घा (स्टैंड्स) में कैच पकड़ता है, तो उसे विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। अक्षय संघवी मित्र मंडल करा रहा आयोजन यह आयोजन अक्षय संघवी मित्र मंडल द्वारा कराया जा रहा है। अक्षय संघवी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना, नई प्रतिभाओं को मंच देना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन की तैयारियों में ओम जाट, पीयुष सांकला, हितेष बरमेचा सहित मंडल के अन्य सदस्य लगे हुए हैं। .