ग्वालियर के मोहना में हाईवे पर एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जंगल में मंदिर के पास से पकड़ लिया है। हत्या करने के बाद आरोपी जंगल के रास्ते कूदकर भाग गया था। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने बताया कि मोबाइल को लेकर उसका झगड़ा हुआ था। पास ही पड़ी बबूल की लकड़ी उठाकर उसने ऋषिकेश पर वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई तो वह पकड़े जाने के डर से वहां से भाग आया था। पुलिस आरोपी से डिटेल में पूछताछ कर रही है। सोमवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बबूल की लकड़ी से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, मौत मुरैना के आमपुरा स्थित एसएएफ लाइन के पास रहने वाला 35 वर्षीय ऋषिकेश सिंह पुत्र दिनेश सिंह सिकरवार काफी समय से काम की तलाश कर रहा था। शनिवार को उसका दोस्त दीपक शाक्य उसे काम की तलाश में ग्वालियर के मोहना लेकर आया था। रविवार को दोनों ने दिनभर काम की तलाश की। शाम को वे बायपास स्थित अजीत नायक भोजनालय पहुंच गए, जहां दोनों ने शराब पी। नशा होने के बाद दीपक और ऋषिकेश के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हो गया। दीपक ने ऋषिकेश का मोबाइल छीन लिया था, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। ढाबा मालिक ने उन्हें समझाने की कोशिश भी की, लेकिन नशे में धुत दीपक ने पास पड़ी बबूल की लकड़ी उठाकर ऋषिकेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में ऋषिकेश के सिर में गंभीर चोट लगी। वह सड़क पर ही गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वैष्णो देवी मंदिर के पास छिपा मिला आरोपी हत्या के बाद दीपक मोहना बायपास से होते हुए जंगल में दाखिल हो गया। उसका इरादा डकैतों के मूवमेंट वाले इलाके से गुजरकर किसी तरह मुरैना पहुंचने और कुछ दिन जंगल में छिपे रहने का था। इधर वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने जंगल में उसकी तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी जंगल में गुम होता, उससे पहले ही वैष्णो देवी मंदिर के पास छिपे हत्या आरोपी दीपक शाक्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नशे की हालत में मोबाइल को लेकर उसका अपने दोस्त से विवाद हो गया था, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस उससे पूरे मामले में पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा सोमवार को ग्वालियर के जेएएच स्थित पोस्टमार्टम हाउस में ऋषिकेश सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गंभीर चोट बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया, जिसके बाद मुरैना में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। परिजन का आरोप है कि दीपक हत्या के इरादे से ही ऋषिकेश को ग्वालियर लेकर आया था। पुलिस इन आरोपों के आधार पर भी आरोपी से पूछताछ कर रही है। .