सीएम के सामने गुस्सा हो गए पूर्व मंत्री…भाषण रोककर टोका: 25 साल आगे चले गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष; कांग्रेस विधायक ने दिया नया नारा – Madhya Pradesh News

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा।

.

सीएम के सामने पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का मेगा शो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सागर जिले के खुरई के दौरे पर रहे। जहां उनके स्वागत में पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह ने मेगा शो किया। इसे आप उनका शक्ति प्रदर्शन भी कह सकते हैं।

करीब 6 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान सीएम पर लगातार फूलों की बारिश होती रही। रथ पर सीएम यादव के साथ भूपेंद्र सिंह और मंत्री गोविंद सिंह भी सवार थे। पूरे रास्ते में भूपेंद्र भैया जिंदाबाद के नारे लगते रहे।

मंच पर भूपेंद्र सिंह ने सीएम के लिए ‘हमारा मुख्यमंत्री कैसा हो – मोहन यादव जैसा हो’… ‘मुख्यमंत्री आगे बढ़ो्र – हम तुम्हारे साथ हैं’… ‘मुख्यमंत्री जी राज करो – हम तुम्हारे साथ हैं’… ‘मोहन यादव – जिंदाबाद’… जैसे नारे लगाए।

इधर, भूपेंद्र सिंह सीएम की जय-जयकार करते रहे। वहीं दूसरी और मंच पर और मंच के नीचे भूपेंद्र सिंह के समर्थक उनकी जय-जयकार करते रहे।

अब खरी बात ये है कि मोहन मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें उड़ रही है। ऐसे में लोग कह रहे हैं कि कहीं ये भूपेंद्र सिंह की सीएम की नजरों में नंबर बढ़ाने की कोशिश तो नहीं है।

खुरई आए सीएम के स्वागत में विधायक भूपेंद्र सिंह ने मेगा शो किया।

भाषण के दौरान अचानक गुस्सा हो गए भूपेंद्र सिंह पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक भूपेंद्र सिंह मंच पर सीएम के सामने ही गुस्सा हो गए। हुआ यूं कि भूपेंद्र सिंह संबोधित कर रहे थे। सीएम की शान में कसीदे पढ़ रहे थे। तभी रुके और कहा- ‘मेरा सबसे कहना है, जब मैं बोल रहा हूं। उसके बाद सब बात करते रहे। बोलने के बाद सब मिल लें। बोलने के बाद फिर मुख्यमंत्री रहेंगे। थोड़ी दिक्कत होती है बोलने में।

दरअसल, कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे मंच पर आकर सीएम से मिल रहे थे, उनसे बात कर रहे थे। यही देखकर विधायक ने भाषण रोककर उन्हें टोक दिया। हालांकि बाद में उनके भाषण के दौरान भी मंत्री गोविंद सिंह सीएम डॉ. मोहन यादव से बात करते नजर आए।

सीएम को जल्दी जाना था, ऐसे में भूपेंद्र सिंह ने सांसद लता वानखेड़े के बाद सीधे सीएम डॉ. मोहन यादव को बोलने के लिए बुला लिया। लेकिन सीएम ने मंत्री गोविंद सिंह को सामने कर दिया। फिर भूपेंद्र सिंह ने कहा- हमारे मंत्री गोविंद राजपूत जी भी अपनी बात रखेंगे। मैं भी चाहता था कि वो बोले लेकिन समय कम है। जनता जाने लगी इसलिए.. तभी पीछे से गोविंद सिंह आ गए और अपना संबोधन दिया।

खरी बात ये है कि चूंकि शो भूपेंद्र सिंह का था तो शायद ये बात उन्हें जंची नहीं होगी। वैसे भी भूपेंद्र सिंह और गोविंद सिंह की सियासी अदावत किसी से छिपी नहीं है। हालांकि अभी दावा किया जा रहा है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक चल रहा है।

कांग्रेस नेताओं को आई पार्टी कार्यकर्ताओं की याद मध्य प्रदेश में कांग्रेस के नेता अपने संगठन को मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव की दौड़ लगा रहे है। पंचायत स्तर पर कमेटियां गठित कर रहे हैं। इसी कड़ी में उज्जैन के बड़नगर गए विधायक महेश परमार ने बड़ी बात कह दी।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाए और कहा कि इन नारों की आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिंदाबाद होगी तभी तो मंच पर बैठे नेताओं की जिंदाबाद होगी।

अब लोग कह रहे हैं कि देर से सही, कांग्रेस को समझ आ गई है। इसलिए किसी नेता की नहीं। कार्यकर्ता की जय-जयकार हो रही है। क्योंकि जमीन पर काम तो इन्हीं को कहना है। खरी बात ये है कि कांग्रेस जमीन पर आई तो नेताओं को कार्यकर्ताओं की याद आई है। तभी तो अब गांव-गांव की दौड़ लगा रहे हैं।

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कांग्रेस कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाए।

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कांग्रेस कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाए।

गलती से मिस्टेक कर गए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जब तक सूरज चांद रहेगा.. हेमंत जी का नाम रहेगा..। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रतलाम आए तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके लिए ये नारे लगा दिए। हालांकि बाद में नेताओं ने टोका तो नारा बदला।

दरअसल, कार्यकर्ता श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहे के नारे लगा रहे थे। लेकिन उत्साह ऐसा था कि हेमंत जी अमर रहे के नारे भी लगा दिए।

इधर, ‘विकसित भारत-जी-राम-जी’ योजना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हेमंत खंडेलवाल खुद कांग्रेस को कोसने के उत्साह में मिस्टेक कर गए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस योजना को नरेगा कहा। फिर 2050 में मनरेगा कह दिया।

हालांकि ये स्लिप ऑफ टंग था, लेकिन लोग कह रहे हैं- कोई बात नहीं उत्साह है। सब चलता है।

कार्यकर्ताओं ने हेमंत खंडेलवाल के लिए उनका नाम अमर रहेगा के नारे लगाए।

कार्यकर्ताओं ने हेमंत खंडेलवाल के लिए उनका नाम अमर रहेगा के नारे लगाए।

इनपुट सहयोग – मनोज वाधवानी (खुरई), केके शर्मा (रतलाम)

ये भी पढ़ें – सिंधिया ने किया हैरान, बोले-हवाई जहाज से तेज दौड़ेगी बुलेट ट्रेन: पहले शराबी कार्यकर्ता का स्वागत, फिर धक्का देकर भगाया

गुना में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ऐसा बयान दिया कि उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने कहा कि भारत में ऐसी बुलेट ट्रेन चलेगी जो हवाई जहाज से भी तेज स्पीड में दौड़ेगी। इधर, बुरहानपुर में मंत्री सिलावट ने शराब पीकर आए कार्यकर्ता का सम्मान किया, फिर धक्का देकर उसे चलता कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *