Last Updated:
Summer Gardening Tips: गार्डन का शौक रखने वालों के लिए गर्मी का सीजन दोहरी मार लेकर आता है. एक तरफ झुलसाने वाली धूप और दूसरी तरफ पौधों पर चिपचिपे सफेद कीड़ों (मिलीबग) का हमला. अगर आपके मेहनत से लगाए गए पौधे भी कीड़ों की वजह से सूख रहे हैं, तो अब आपको महंगे कीटनाशकों की जरूरत नहीं है. रसोई और घर में मौजूद साधारण चीजों से आप एक ऐसा जबरदस्त स्प्रे तैयार कर सकते हैं जो मिनटों में इन कीटों का काम तमाम कर देगा.
Summer Gardening Tips: गार्डन का शौक हर किसी को होता है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या तब आती है जब पौधों में कीड़े लग जाते हैं. कई बार मेहनत से लगाए गए पौधे कीड़ों की वजह से मुरझाकर सूख जाते हैं. अगर आपके भी गार्डन की सुंदरता इन कीटों की वजह से खराब हो रही है, तो हम आपको एक ऐसा जबरदस्त ‘देसी जुगाड़’ बताएंगे जो मिनटों में इन कीड़ों का सफाया कर देगा. यह तरीका इतना आसान और सस्ता है कि आपने पहले कभी नहीं सुना होगा.
एक चम्मच ‘निरमा’ और कीड़ों की छुट्टी
पौधों में अक्सर सफेद रंग का एक चिपचिपा कीड़ा लग जाता है जिसे ‘मिलीबग’ कहते हैं. यह कीड़ा पत्तियों, फूलों और फलों का रस चूसकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर देता है. इससे बचने के लिए आपको बस 1 लीटर पानी में 1 चम्मच निरमा (वॉशिंग पाउडर) घोलना है और इस घोल से पौधों को अच्छी तरह नहला दीजिए. महीने में सिर्फ एक बार यह स्प्रे करने से कीटों की छुट्टी हो जाएगी.
वहीं, दौरान जरूरी सावधानी भी बरतनी चाहिए. इस स्प्रे को कभी भी तेज धूप या दोपहर में न करें. इसकी गर्मी से आपके पौधे झुलस सकते हैं. इसे हमेशा सुबह सूरज निकलने से पहले या शाम को सूरज ढलने के बाद ही इस्तेमाल करें. अगर आप चाहें तो किसी एक्सपर्ट की सलाह भी ले सकते हैं.
पानी देने का सही समय है सबसे अहम
गर्मियों में अक्सर लोग किसी भी समय पौधों में पानी डाल देते हैं, जो बहुत खतरनाक हो सकता है. जैसे छतों पर रखी टंकियों का पानी दोपहर में उबलने लगता है, वैसे ही गमलों में भरा पानी भी तेज धूप में गर्म हो जाता है. यह गर्म पानी पौधों की जड़ों को जला देता है जिससे वे सूख जाते हैं. इसलिए पानी हमेशा शाम को धूप जाने के बाद ही दें. इससे मिट्टी रात भर ठंडी रहेगी और आपके पौधे हमेशा हरे-भरे और स्वस्थ रहेंगे.
गुड़ाई करना न भूलें
लगातार पानी डालते रहने से गमले की मिट्टी सख्त और ठोस हो जाती है. ऐसे में पौधों की जड़ें फैल नहीं पातीं और उनकी ग्रोथ रुक जाती है. इसलिए समय-समय पर किसी औजार से मिट्टी की गुड़ाई जरूर करें. मिट्टी को भुरभुरा करने से जड़ों को हवा मिलती है और पौधा तेजी से बढ़ता है. इन छोटी-छोटी लेकिन काम की बातों का ध्यान रखकर आप अपने गार्डन को रोग मुक्त और बेहद खूबसूरत बना सकते हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
.