बिना फ्रिज और बिजली के भी ताजा रहता है खाना, जानिए गांवों में अपनाए जाने वाले 7 देसी तरीके

Food Preservation Without Fridge: आज के समय में किचन की कल्पना फ्रिज के बिना करना लगभग असंभव लगता है. ज्यादातर घरों में सब्जियां, दूध, फल और बचा हुआ खाना सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज पर ही भरोसा किया जाता है. लेकिन दुनिया के कई हिस्सों में आज भी लाखों लोग बिना फ्रिज और बिजली के ही अपना खाना सुरक्षित रखते हैं. अफ्रीका के सूखे इलाकों से लेकर भारत के राजस्थान, हिमालय और ग्रामीण इलाकों तक, कई समुदाय सदियों से ऐसे तरीके अपनाते आ रहे हैं जिनसे भोजन लंबे समय तक खराब नहीं होता. इन तरीकों की खास बात यह है कि इनमें बिजली या आधुनिक मशीनों की जरूरत नहीं पड़ती.

लोग प्रकृति, मौसम और पारंपरिक ज्ञान का उपयोग करके खाना सुरक्षित रखते हैं. यह केवल पुराने जमाने की बात नहीं है, बल्कि आज भी कई जगहों पर यह तकनीकें इस्तेमाल की जाती हैं. इनसे हमें यह सीख मिलती है कि खाना सुरक्षित रखना केवल मशीनों पर निर्भर नहीं है, बल्कि समझदारी और प्रकृति के साथ तालमेल भी उतना ही जरूरी है.

जीर पॉट: मिट्टी का प्राकृतिक फ्रिज
अफ्रीका और मध्य पूर्व के कई हिस्सों में एक खास तरह का मिट्टी का बर्तन इस्तेमाल किया जाता है जिसे जीर पॉट कहा जाता है. इसे प्राकृतिक फ्रिज भी कहा जाता है. इसमें एक बड़े मिट्टी के बर्तन के अंदर एक छोटा बर्तन रखा जाता है और दोनों के बीच की जगह में गीली रेत भर दी जाती है. ऊपर से गीला कपड़ा ढक दिया जाता है. जब पानी धीरे धीरे सूखता है तो वह अंदर की गर्मी को बाहर खींच लेता है और बर्तन के अंदर ठंडक बनी रहती है. इस तरीके से सब्जियां, फल, दूध और पका हुआ खाना एक दो दिन तक सुरक्षित रखा जा सकता है. सूखे और गर्म इलाकों में यह तरीका बहुत अच्छा काम करता है.

बहते पानी के ऊपर टोकरी लटकाना
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में कई घरों में लोग प्राकृतिक झरनों और बहते पानी का उपयोग करते हैं. वहां लोग खाने की चीजों को टोकरी या बर्तन में रखकर बहते पानी के ऊपर लटका देते हैं. पानी की ठंडक खाने को जल्दी खराब होने से बचाती है. बहता पानी तापमान को नियंत्रित करता है और बैक्टीरिया के बढ़ने की संभावना कम करता है. इसके साथ ही जाली वाली टोकरी का इस्तेमाल करने से हवा भी मिलती रहती है और कीड़े मकौड़ों से भी सुरक्षा मिलती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

नमक और धूप से भोजन सुरक्षित रखना
फ्रिज आने से पहले लोग नमक और धूप का इस्तेमाल करके खाने को लंबे समय तक सुरक्षित रखते थे. मछली, मांस और कुछ सब्जियों को नमक लगाकर धूप में सुखाया जाता था. इससे उनमें मौजूद नमी कम हो जाती थी और भोजन जल्दी खराब नहीं होता था. आज भी केरल, तमिलनाडु, लद्दाख और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में यह तरीका इस्तेमाल होता है. उदाहरण के लिए कच्चे आम के टुकड़ों को नमक लगाकर धूप में सुखाया जाए तो वे कई महीनों तक सुरक्षित रहते हैं और खाने में भी स्वाद बढ़ाते हैं.

मिट्टी के बर्तनों में भोजन ठंडा रखना
भारत के कई ग्रामीण इलाकों में आज भी पानी और खाने की चीजें मिट्टी के बर्तनों में रखी जाती हैं. मिट्टी के बर्तन प्राकृतिक रूप से ठंडक बनाए रखते हैं. गुजरात और मध्य प्रदेश के कई गांवों में लोग पानी, छाछ और यहां तक कि पका हुआ चावल भी मिट्टी के मटके में रखते हैं. अगर इन बर्तनों को छायादार जगह पर रखा जाए और ऊपर से गीले बोरे या कपड़े से ढक दिया जाए तो अंदर की चीजें ज्यादा देर तक ठंडी रहती हैं.

जमीन के अंदर भंडारण
कश्मीर, नेपाल और ठंडे पहाड़ी इलाकों में लोग जमीन के अंदर छोटे गड्ढे बनाकर सब्जियां और अनाज सुरक्षित रखते हैं. जमीन के अंदर तापमान स्थिर रहता है, जिससे भोजन जल्दी खराब नहीं होता. इस तरीके से आलू, गाजर, प्याज और कई अनाज लंबे समय तक सुरक्षित रखे जा सकते हैं. कुछ लोग आज भी अपने घर के आंगन में मिट्टी के गड्ढों का उपयोग करते हैं.

प्राकृतिक किण्वन यानी फर्मेंटेशन
हिमालय के कई क्षेत्रों में भोजन को सुरक्षित रखने के लिए किण्वन का तरीका बहुत लोकप्रिय है. उदाहरण के लिए गुनद्रुक, सिंकी और कई तरह की किण्वित सब्जियां. इस प्रक्रिया में सब्जियों को नमक और मसालों के साथ रखा जाता है और कुछ समय बाद उनमें प्राकृतिक किण्वन होने लगता है. इससे भोजन लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और पोषण भी बढ़ जाता है. ऐसे खाद्य पदार्थ पेट के लिए भी अच्छे माने जाते हैं.

राख और भूसी में सब्जियां सुरक्षित रखना
महाराष्ट्र और ओडिशा के ग्रामीण इलाकों में एक अनोखा तरीका अपनाया जाता है. वहां लोग अदरक, हल्दी, लहसुन और शकरकंद जैसी जड़ों वाली सब्जियों को सूखी राख और भूसी में दबाकर रखते हैं. राख नमी को सोख लेती है और कीड़ों को भी दूर रखती है. इससे सब्जियां लंबे समय तक सुरक्षित रहती हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *