Last Updated:
सर्दियों में ठंड और थकान से परेशान हैं? ज्यादा ठंड लगने के कारण अक्सर लोगों को ठिठुरन और हड्डियों में दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में लोग चाहते हैं कि वे कुछ ऐसा खाएं, जिससे उन्हें ताकत के साथ-साथ अंदर से गर्माहट और भरपूर ऊर्जा भी मिले. इसी बीच, अलसी के गुड़ वाले लड्डू एक बेहतरीन देसी सुपरफूड के रूप में सामने आते हैं. आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी…
सर्दियों के मौसम में अक्सर लोगों को ज्यादा ठंड पड़ने पर ठिठुरन और हड्डियों में दर्द जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है. वहीं लोग चाहते हैं कि ठंड के मौसम में वे ऐसी चीजें खाएं, जिससे उन्हें ताक़त के साथ-साथ थोड़ी गर्माहट और भरपूर ऊर्जा भी मिल सके. ऐसे में अलसी के गुड़ वाले लड्डू एक बेहतरीन देसी सुपरफूड माने जाते हैं. ये लड्डू ओमेगा-3 से भरपूर होते हैं और पाचन के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं. आयुर्वेदाचार्य के अनुसार, ये हड्डियों और जोड़ों की मजबूती के लिए काफी लाभकारी होते हैं. इन्हें आप बिना किसी परेशानी के घर पर आसानी से बना सकते हैं. आइए जानते हैं इन्हें बनाने की रेसिपी और सामग्री.

जरूरी सामग्री: अलसी के बीज 1 कप, गेहूं का आटा, ½ कप, कसा हुआ गुड़, ¾ कप (स्वाद अनुसार), देसी घी 4–5 बड़े चम्मच, कटे मेवे (बादाम, काजू, अखरोट), ¼ कप, सूखा नारियल (कद्दूकस), 2 बड़े चम्मच और इलायची पाउडर, ½ छोटा चम्मच. अब जानते हैं अलसी के लड्डू बनाने की विधि.

अलसी भूनें: अलसी को धीमी आंच पर सूखा भूनें. जब तक वह हल्की-सी चटकने न लगे, तब तक उसे भूनते रहें. इसके बाद ठंडा होने पर अलसी को दरदरा पीस लें और उसका मोटा आटा तैयार कर लें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आटा भूनें और मेवे मिलाएं: कढ़ाई में 2 चम्मच घी गरम करें और फिर गेहूं का आटा डालकर सुनहरा और खुशबूदार होने तक भूनें. इसके बाद कटे मेवे और सूखा नारियल डालकर 2 मिनट तक हल्का भून लें.

गुड़ और अलसी डालें: इसके बाद गैस बंद कर दें. मिश्रण में कसा हुआ गुड़, पिसी अलसी और इलायची पाउडर डालें. गरम मिश्रण से गुड़ अपने-आप पिघल जाएगा. इसके बाद आपका मिश्रण तैयार हो जाएगा और आप आगे की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं.

लड्डू बनाएं: मिश्रण गुनगुना रहते ही हाथों में थोड़ा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बना लें. फिर लड्डू को एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. यह 2–3 हफ्ते तक सुरक्षित रहेंगे. ज्यादा गर्माहट के लिए सोंठ (सूखा अदरक) पाउडर लड्डू में मिला सकते हैं. इन लड्डुओं को सुबह गरम दूध के साथ खाने से देसी स्वाद के साथ उनका असर दोगुना हो जाएगा.