Last Updated:
Giant Fish Sold for ₹320000000: नए साल के जश्न के लिए जब मछली को बेचा गया, तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि इसकी कीमत इतनी ज्यादा लगेगी. टूना फिश का वजन इतना ज्यादा है कि उसे काटा जाएगा, तो इतने में पूरा शहर खा लेगा. इसे एक जापानी सुशी रेस्टोरेंट ने खरीदा है, जो न्यू ईयर सेलिब्रेशन में इसका इस्तेमाल करेगा.
टोक्यो के मशहूर तोयोसु फिश मार्केट में नए साल की नीलामी एक बार फिर इतिहास बन गई. 5 जनवरी को यहां हुई पारंपरिक न्यू ईयर ट्यूना नीलामी में एक जापानी सुशी रेस्टोरेंट ने एक ही ब्लूफिन टूना मछली के लिए 51 करोड़ येन यानि करीब 32 करोड़ रुपये चुकाए हैं.

ये चौंकाने वाली बोली लगाई गई तो सभी दंग रह गए. यह अब तक की सबसे महंगी बोली है, जिसने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए. नीलामी में खरीदी गई यह ब्लूफिन टूना मछली 243 किलोग्राम वजन की थी.

सुशिजानमई के प्रमुख कियोशी किमुरा ने इस रिकॉर्ड बोली को सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि एक संदेश बताया. उन्होंने कहा- ‘मुझे उम्मीद है कि इस साल अर्थव्यवस्था बेहतर होगी. प्रधानमंत्री साने ताकाइची की सरकार ने ‘काम, काम, काम’ करने का वादा किया है, तो सुशिजानमई भी ‘काम, काम, काम’ ही करेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रेस्टोरेंट ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह बोली लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएगी. नीलामी के बाद किमुरा ने पत्रकारों से कहा कि मुझे लगा था कि कीमत शायद 30 या 40 करोड़ येन के आसपास रहेगी, लेकिन यह 50 करोड़ से ऊपर चली गई. यह वाकई हैरान करने वाला था.

इस बेशकीमती मछली को टोक्यो की प्रसिद्ध सुशी चेन सुशिजानमई (Sushizanmai) चलाने वाली कंपनी कियोमुरा कॉर्प ने खरीदा. जैसे ही नीलामी का हथौड़ा गिरा, बाजार में मौजूद लोगों के बीच उत्साह और हैरानी दोनों साफ नजर आए.

किमुरा की यह बोली उनके अपने पुराने रिकॉर्ड से भी कहीं ज्यादा थी. इससे पहले साल 2019 में उन्होंने 33.36 करोड़ येन की बोली लगाकर रिकॉर्ड बनाया था, हालांकि इस बार बोली 50 करोड़ येन के पार पहुंच गई, जिसने सभी को दंग कर दिया.

नीलामी जीतने के बाद इस विशाल टूना को तुरंत सुशिजानमई की मुख्य शाखा में ले जाया गया, जहां इसे पारंपरिक तरीके से काटा गया. इसके बाद इस मछली के टुकड़े जापान भर में सुशिजानमई के रेस्टोरेंट्स में भेज दिए गए.

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इतनी महंगी मछली होने के बावजूद, इससे बनने वाली सुशी ग्राहकों को सामान्य कीमत पर ही परोसी जाएगी. किमुरा ने कहा कि इसका मकसद मुनाफा नहीं, बल्कि नए साल की खुशी लोगों के साथ साझा करना है. हर साल होने वाली यह नीलामी जापान में नए साल की शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है और इस बार की रिकॉर्ड बोली ने इसे और भी यादगार बना दिया. (Credit- Reuters)
.