खेत से गेहूं घर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग: 15 क्विंटल उपज राख, शॉर्ट सर्किट से हादसा, किसान ने मांगा मुआवजा – Panna News


पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तुल्ला में शुक्रवार दोपहर खेत से गेहूं की फसल लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। इस आगजनी में किसान की मेहनत की पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना में मनीराम पटेल निवासी मलघन की 15 क्विंटल उपज जलकर राख हो गई है। बताया जा रहा है कि किसान खेत से गेहूं की कटाई कर फसल को ट्रॉली में भरकर ले जा रहा था। तभी ग्राम तुल्ला के पास ट्रॉली के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी ने पूरी फसल को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते ट्रॉली धूं-धूं कर जलने लगी और आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से बचा ट्रैक्टर आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काला धुआं दूर से ही नजर आ रहा था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गजब की हिम्मत दिखाई। उन्होंने तुरंत ट्रैक्टर के इंजन को जलती हुई ट्रॉली से अलग कर दिया। ग्रामीणों की इस फुर्ती की वजह से ट्रैक्टर का इंजन सुरक्षित बच गया, वरना आग पूरे ट्रैक्टर को खाक कर सकती थी। मुआवजे की मांग इस हादसे में किसान की साल भर की मेहनत यानी पूरी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई है। किसान को हुए इस बड़े आर्थिक नुकसान को देखते हुए अब गांव के लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित किसान की मदद की जाए और उसे शासन की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वह इस मुसीबत से उबर सके। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *