विदिशा जिले के हरिपुरा खिरिया जागीर गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच एक टपरे में आग भड़क उठी। उस समय टपरे में 9 गायें बंधी हुई थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत आग बुझाने में जुट गए। आग तेजी से पूरे टपरे में फैल चुकी थी, लेकिन ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर 5 गायों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि 4 गायें गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। गांव वालों ने आग बुछाई
ग्रामीण गोलू परिहार के अनुसार, देर रात अचानक आग लगने की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और गायों को बचाने का प्रयास किया। वहीं मोबत परिहार ने बताया कि ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। .