शहडोल के पार्सल गोदाम में आग लग गई।
शहडोल शहर के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाणगंगा मेला मैदान के पास स्थित एक ऑनलाइन पार्सल गोदाम में भीषण आग लग गई। इस दौरान एस.एस. पार्सल एवं ट्रांसपोर्ट का पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया।
.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग से लगभग दो करोड़ रुपए तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने अचानक धुआं उठता देखा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तड़के सुबह गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर पालिका की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में कपड़े, ऑनलाइन पार्सल, पैकेजिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में रखा होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई।
गोदाम में कपड़े, ऑनलाइन पार्सल, पैकेजिंग सामग्री सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया है।
शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सोहागपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासनिक अमला भी नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
हादसे में कोई जनहानि नहीं
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।