झाबुआ जिले के थांदला के पेटलावद रोड पर स्थित नवोदय स्कूल के पास नगर परिषद के डंपिंग ग्राउंड में रविवार रात करीब 8 बजे एक बार फिर आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में धुएं का गुबार छा गया। डंपिंग ग्राउंड स्कूल के एकदम पास होने के कारण वहां रहने वाले सैकड़ों छात्रों और स्टाफ के लिए स्वास्थ्य का खतरा पैदा हो गया है। आदेश के बाद भी नहीं हटा डंपिंग ग्राउंड यह घटना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है। 20 जनवरी को कलेक्टर नेहा मीना ने अभिभावकों की शिकायत पर इस डंपिंग ग्राउंड को तुरंत वहां से हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक कचरा घर को शिफ्ट नहीं किया गया, जिससे यह समस्या जस की तस बनी हुई है। दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद अधिकारी कमलेश जायसवाल ने टीम मौके पर भेजी। स्वच्छता निरीक्षक गौरंक राठौर और स्वच्छता पर्यवेक्षक टीटीया देवदा की देखरेख में कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक आग बुझाने की कोशिश की। थांदला की फायर ब्रिगेड जब आग नहीं बुझा पाई, तो रात 10 बजे मेघनगर से भी दमकल बुलानी पड़ी। हालांकि, मेघनगर की टीम पहुंचने से पहले ही स्थानीय कर्मचारियों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। सुरक्षा के लिए कचरे को किया पानी से तर आग दोबारा न भड़के, इसके लिए कर्मचारियों ने पूरे कचरे को पानी से अच्छी तरह भिगो दिया। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन बार-बार हो रही इन घटनाओं ने स्कूल प्रबंधन और माता-पिता की चिंता काफी बढ़ा दी है। .