ग्वालियर-भिंड हाइवे पर स्थित बरैठा टोल पर फिर कार सवार बदमाशों ने उत्पात मचाया है। भिंड से आ रहे कार सवार रॉन्ग साइड से बिना टोल दिए निकलना चाहते थे। टोल बूथ कर्मचारी ने रोका तो कार सवार युवक आग बबूला हो गए। कार से बाहर निकलकर टोल कर्मचारी को बूथ से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। घटना रविवार दोपहर 12.45 बजे की है। पूरी घटना टोल पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। मारपीट और झगड़े के फुटेज सोमवार रात को सामने आया है। पुलिस घटना का पता चलते ही बरैठा टोल पहुंची, लेकिन जिस कर्मचारी से मारपीट हुई है वह शिकायत करने को तैयार नहीं है। बरैठा टोल प्रबंधन भी अपनी ओर से शिकायत करना नहीं चाहता है। महाराजपुरा थाना पुलिस का कहना है कि कार का नंबर आ गया है। पुलिस मामले को खुद संज्ञान में लेकर पड़ताल कर रही है। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया है कि कर्मचारी शिकायत करना नहीं चाहता है। फिर भी खुद से मामले को संज्ञान में लेकर कार सवारों की तलाश की जाएगी। रविवार दोपहर 12.45 बजे की घटना ग्वालियर-भिंड हाइवे पर ग्वालियर और मालनपुर के बॉर्डर पर बना बरैठा टोल बूथ पर रविवार दोपहर 12.45 बजे भिंड की ओर से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ग्वालियर की तरफ आती है। जैसे ही टोल के नजदीक कार पहुंचती है कार के चालक उसे रॉन्ग साइड ले जाते हैं। यहां से वे बिना टोल दिए निकलने का प्रयास करते हैं, लेकिन टोल कर्मचारी रोकता है और सही लाइन में आने के लिए कहता है। कार में सवार युवक यहीं से बैरियर हटाने के लिए कहते हुए झगड़े पर उतर आते हैं। टोल कर्मचारी विरोध करता है तो कार में सवार युवक मारपीट करने लगते हैं। बूथ से बाहर खींचकर कर्मचारी को पीटा कार सवार बदमाश मारपीट तक भी नहीं माने। उन्होंने बूथ कर्मचारी को कॉलर पकड़कर बाहर खींचा और मारपीट करने लगे। किसी तरह कर्मचारी ने भाग कर जान बचाई। इसके बाद हमलावर वहां से कार को दौड़ाते हुए भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वहां माहौल शांत हो चुका था। CCTV कैमरे में कैद हुई मारपीट जब पुलिस ने कर्मचारी से मामला दर्ज कराने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया। उसने कहा कि उसे कोई FIR दर्ज नहीं करानी है। मैं कर्मचारी हूं और एक बार शिकायत करूंगा तो बदमाश फिर आकर हमला करेंगे। पुलिस ने जब वहां लगे CCTV कैमरे खंगाले तो पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड मिली है। टोल पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग बरैठा टोल पर ही कुछ दिन पहले भी बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। फायरिंग करने के बाद टोल बूथ पर एक चिट्ठी भी फेंक गए थे। जिसमें लिखा था ग्वालियर-भिंड हाइवे को सिक्स लेन बनाओ नहीं तो ऐसी घटनाएं रोज होंगी। तीन दिन बाद पुलिस ने बाइक सवारों को पकड़कर खुलासा किया था कि हाइवे से बाइक सवारों को कोई लेना देना नहीं था वह टोल कर्मचारी की अभद्रता का जवाब इस तरह देना चाहते थे। .